रुद्रप्रयाग। विकासखण्ड ऊखीमठ के अंतर्गत ग्राम पंचायत रांसी में आपदा प्रबंधन एवं लाइफ सेफ्टी पर आधारित प्रशिक्षण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण रुद्रप्रयाग के तत्वावधान में डीडीआरएफ ऊखीमठ द्वारा संपंन कराया गया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान, स्थानीय नागरिकों सहित राजकीय इंटर कॉलेज रांसी के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण के दौरान क्षेत्र में संभावित प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं की जानकारी दी गई। साथ ही आपदा के प्रकार, आपदा से पूर्व तैयारी, आपदा के दौरान सतर्कता और आपदा के पश्चात की आवश्यक कार्यवाही के बारे में विस्तार से बताया गया।
प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को बेसिक उपकरणों के उपयोग, आपातकालीन स्थिति में किए जाने वाले कार्य, अस्थायी स्ट्रेचर बनाना, प्राथमिक उपचार, सीपीआर, आग से बचाव के उपाय, जंगली जानवरों से सतर्क रहने के तरीके तथा बाढ़ से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। इसके अतिरिक्त जनपद एवं राज्य स्तरीय आपातकालीन टोल-फ्री नंबरों, सुरक्षित स्थानों और निकासी मार्गों की जानकारी भी साझा की गई। प्रतिभागियों को “भू देव ऐप” के उपयोग के बारे में भी अवगत कराया गया। कार्यक्रम में कुल 43 ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।