रुद्रप्रयाग। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को विकासखंड ऊखीमठ की ग्राम पंचायत डूंगर सेमला में जन संवाद-जनता दरबार एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान पंचायती राज, युवा कल्याण, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, सेवायोजन तथा ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों ने केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मीनाक्षी देवी, पंचायत सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विकास कार्यों सहित अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपे।
जिला सेवायोजन अधिकारी सुशील चंद्र चमोली ने बताया कि शिविर के दौरान कुल 11 शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए। इनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष 9 शिकायतें संबंधित विभागों से जुड़ी होने के कारण आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को भेजी जा रही हैं।
अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि सरकार की मंशा प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान उसके घर-गांव के स्तर पर ही सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे जन संवाद शिविरों के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ-साथ सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संभव हो रहा है।