May 16, 2026

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर गुंडागर्दी पड़ी भारी, वायरल वीडियो के बाद पुलिस का बड़ा एक्शन,

post-img

लाठी-डंडों से भिड़े घोड़ा-खच्चर संचालक, 3 आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंस निरस्तीकरण की भी शुरू हुई कार्रवाई

रूद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा के बीच अराजकता फैलाने वालों पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। केदारनाथ पैदल मार्ग पर घोड़ा-खच्चर संचालकों के बीच हुई खूनी भिड़ंत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वीडियो में कुछ संचालक खुलेआम लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे थे, जिससे यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं में भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग ने तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली सोनप्रयाग और चौकी गौरीकुंड पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे तीन आरोपियों को चिन्हित कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि घोड़ों के आपस में टकराने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक मारपीट में बदल गया।

पुलिस ने साफ कहा कि यात्रा मार्ग पर इस तरह की गुंडागर्दी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तीनों आरोपियों के खिलाफ धारा 170 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत शांति भंग की कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इतना ही नहीं, पुलिस ने भविष्य के लिए भी बड़ा कदम उठाते हुए आरोपियों के अश्व संचालन लाइसेंस निरस्त किए जाने की संस्तुति संबंधित विभाग को भेज दी है, ताकि वे आगे केदारनाथ यात्रा में घोड़ा-खच्चरों का संचालन न कर सकें।

मारपीट में शामिल आरोपियों की पहचान राकेश कुमार निवासी चमोली, मनीष कुमार निवासी पिथौरागढ़ और विजय कुमार निवासी रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने यात्रा से जुड़े सभी व्यवसायियों, संचालकों और श्रमिकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अराजकता, मारपीट या यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।