ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। ग्राम विकास विभाग एवं उद्योग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ब्लॉक सभागार में वृहद स्वरोजगार एवं बहुउद्देशीय शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा लोगों को स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल एवं विशिष्ट अतिथि राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट, प्रमुख पंकज शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और स्वरोजगार को आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर विभिन्न स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें स्थानीय हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद एवं अन्य वस्तुओं को सराहा गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं तथा गांवों में सार्वजनिक कार्यों में शराब परोसने पर पाबंदी लगाने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
शिविर में विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर बढ़ाकर पलायन रोकना है। राज्य मंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन रहे हैं और महिलाओं की भागीदारी से विकास को नई दिशा मिल रही है। प्रमुख पंकज शुक्ला ने कहा कि महिलाओं के संघर्षों के कारण कई गांवों में सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब परोसने पर रोक लग चुकी है।
जिला पंचायत सदस्य प्रीति पुष्वाण ने महिलाओं को समाज का सजग प्रहरी बताया। कार्यक्रम का समापन खण्ड विकास अधिकारी अनुष्का द्वारा स्वरोजगार योजनाओं के अधिकाधिक प्रचार-प्रसार एवं लाभार्थियों को जोड़ने के संकल्प के साथ किया गया, जबकि संचालन चन्द्र मोहन उखियाल ने किया।
इस मौके पर ज्येष्ठ प्रमुख राकेश नेगी, कनिष्ठ प्रमुख प्रदीप त्रिवेदी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य संगीता नेगी, प्रधान संगठन ब्लॉक महामंत्री मदन भट्ट, भाजपा मण्डल अध्यक्ष दलवीर नेगी, प्रधान गडगू सरिता नेगी, अनिल शाह, मिथिला देवी, शिशुपाल सिंह, सनोज नेगी, सुलेखा त्रिवेदी, नीमा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य सारी भरत सिंह नेगी, सहायक खण्ड विकास अधिकारी वीरेन्द्र चन्द्र घिल्डियाल, प्रगतिशील काश्तकार बलबीर राणा, ब्लॉक मिशन मैनेजर रणजीत रावत सहित विभिन्न क्षेत्रों के जनप्रतिनिधि एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं उपस्थित रहीं।