Jun 27, 2026

हेमकुंड यात्रा मार्ग विवाद, गिरफ्तार आरोपियों को मिली जमानत, जांच जारी

post-img

रुद्रप्रयाग। हेमकुंड साहिब यात्रा मार्ग पर कर्णप्रयाग क्षेत्र में वाहन पार्किंग को लेकर हुए विवाद में गिरफ्तार किए गए आरोपियों को शनिवार को न्यायालय से जमानत मिल गई। मामले में आगे की सुनवाई न्यायालय में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जारी रहेगी।

 

गौरतलब है कि हेमकुंड साहिब यात्रा के दौरान स्थानीय लोगों और कुछ श्रद्धालुओं के बीच वाहन पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया था। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई थी।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे तथा हालात पर तत्काल नियंत्रण पाया। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ निष्पक्ष और समान रूप से कार्रवाई की जाएगी।

 

घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया तथा लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई। वहीं, नगरासू गुरुद्वारा से जुड़े प्रकरण का भी प्रशासन ने आपसी संवाद और समन्वय के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान कराया। प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया कि हेमकुंड साहिब यात्रा और अन्य धार्मिक गतिविधियां किसी प्रकार से प्रभावित न हों।

 

शनिवार को न्यायालय द्वारा गिरफ्तार आरोपियों को जमानत प्रदान कर दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रशासन का दावा है कि समयबद्ध और संतुलित कार्रवाई के चलते क्षेत्र में शांति व्यवस्था सामान्य है तथा सभी पक्ष कानून का सम्मान करते हुए न्यायिक प्रक्रिया में सहयोग कर रहे हैं।