Apr 23, 2026

150 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण, बालिकाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

post-img

 

 

खबर सार  : लक्ष्मण सिंह नेगी 

रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। मद्महेश्वर घाटी क्षेत्र के मनसूना तथा तुंगनाथ घाटी के मक्कूमठ व परकण्डी गांवों में सेवा इंटरनेशनल के तत्वावधान में आयोजित सेवा आरोग्यम स्वास्थ्य शिविरों में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविरों में कुल 150 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां वितरित की गईं।

स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने विभिन्न बीमारियों की जांच की और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। चिकित्सकों ने बताया कि नियमित जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाकर कई बीमारियों से बचाव संभव है। शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया गया। इस दौरान जीआईसी राऊंलैक और मनसूना में बालिकाओं के लिए साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता अभियान भी चलाया गया। छात्राओं को इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, सोशल मीडिया के जोखिमों और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने सलाह दी कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें।

कार्यक्रम के ब्लॉक लीडर जीतेन्द्र कुमार पुरोहित ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और डिजिटल जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इस प्रकार के शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे ऐसे कार्यक्रमों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए सेवा इंटरनेशनल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रहे हैं और समाज में जागरूकता भी बढ़ रही है। इस अवसर पर डॉ. दिव्या, राहुल रावत, रिंकी पंवार, सुरेन्द्र बिष्ट, यशवन्त नेगी, पूनम सहित अन्य मौजूद थे।