Apr 16, 2026
govt-ads

पत्रकारों के हितों को लेकर सरकार गंभीर : धामी, रुद्रप्रयाग प्रेस क्लब के 20 वर्ष पूर्ण होने पर सम्मान समारोह का आयोजन

post-img

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया पत्रकारों और कला एवं साहित्यकारों को सम्मानित,

कैलाश खंडूड़ी को मिला “ज्ञानदीप शिखर सम्मान”

रुद्रप्रयाग। जिला प्रेस क्लब रुद्रप्रयाग के 20 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित ज्ञानदीप शिखर सम्मान समारोह में वरिष्ठ पत्रकार कैलाश खंडूड़ी को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा “ज्ञानदीप शिखर सम्मान” से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब की ओर से उन्हें 21 हजार रुपये की नगद धनराशि भी प्रदान की गई। साथ ही अन्य वरिष्ठ पत्रकारों को भी इस मौके पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पत्रकार राहत कोष की राशि को पांच करोड़ रुपये से बढ़ाकर दस करोड़ रुपये कर दिया गया है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों सहित सभी स्तरों पर पत्रकारों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि रुद्रप्रयाग प्रेस क्लब के लिए अतिथि गृह निर्माण हेतु शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, जिससे दूर-दराज से आने वाले पत्रकारों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

समारोह में जिले के लोक गायक सौरभ मैठाणी एवं हेमानी करासी को भी सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त 20 वर्ष से अधिक समय से सक्रिय 32 पत्रकारों को प्रेस क्लब द्वारा सम्मानित किया गया। कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में योगदान देने वाले कई प्रतिभागियों को भी इस अवसर पर सम्मानित किया गया। इनमें प्रसिद्ध लोक गायक सौरभ मैठाणी, हेमा नेगी करासी, रंगकर्मी राज राकेश भट्ट, भाषा क्षेत्र में कलश संस्था के संस्थापक ओमप्रकाश सेमवाल, कवि जगदंबा चमोली प्रमुख रूप से शामिल रहे।

इस अवसर पर प्रेस क्लब के महामंत्री बद्री नौटियाल ने मुख्यमंत्री को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा, जिसमें प्रेस क्लब के लिए अतिथि गृह निर्माण, तहसील स्तर पर पत्रकारों को मान्यता देने सहित अन्य महत्वपूर्ण मांगें शामिल थीं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भारत सिंह चौधरी ने प्रेस क्लब के 20 वर्ष पूर्ण होने पर सभी सदस्यों को बधाई दी। वहीं, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने भी प्रेस क्लब की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेस क्लब अध्यक्ष बृजेश भट्ट ने की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, वरिष्ठ पत्रकार लक्ष्मी प्रसाद डिमरी, लक्ष्मण सिंह नेगी, रोहित डिमरी, विपिन सेमवाल, प्रवीन सेमवाल, प्रवीन रावत, ज्योति किमाठी, संदीप कोठारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नंदन डोभाल, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।