Jun 03, 2026

लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का होना जरूरी, जनपद में बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को विशेष गहन पुनरीक्षण का प्रशिक्षण,

post-img

रुद्रप्रयाग। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत बुधवार को विकासखंड ऊखीमठ के सभागार तथा विकासखंड जखोली में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इससे पूर्व मंगलवार को तहसील रुद्रप्रयाग में भी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचन कार्य से जुड़े विशेषज्ञों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया, नए मतदाताओं के नाम शामिल करने, मतदाता विवरण में संशोधन करने तथा घर-घर सत्यापन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से संपादित करने के निर्देश भी दिए गए।

विशेषज्ञों ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर अपने दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्वाचन संबंधी विभिन्न प्रपत्रों के उपयोग, ऑनलाइन पोर्टल पर डाटा अपलोड करने की प्रक्रिया, फील्ड सत्यापन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा आमजन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने के संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।