रुद्रप्रयाग। भरदार क्षेत्र को सड़क सुविधाओं के विस्तार के रूप में बड़ी सौगात मिली है। बुधवार को सौराखाल भरदार में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत तीन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास तथा एक सड़क के अपग्रेडेशन एवं डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया। इन चारों परियोजनाओं की कुल लागत करीब ₹57.56 करोड़ है। परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों को बेहतर सड़क सुविधा और सुगम यातायात का लाभ मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री ने विकासखंड जखोली में जवाड़ी बाईपास से मल्यासु-कोटली-बांसी मोटर मार्ग का शिलान्यास किया। 14.925 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर ₹24.95 करोड़ की लागत आएगी। इसके अलावा वीराणगांव-जाखाल मोटर मार्ग का भी शिलान्यास किया गया। 8.025 किलोमीटर लंबी इस सड़क की लागत ₹12.63 करोड़ है।
इसी क्रम में तिलवाड़ा-सौराखाल मोटर मार्ग के किमी-8 से अन्द्रीया डांग (घेंघड़) मोटर मार्ग का भी शिलान्यास हुआ। 4.85 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण पर ₹7.77 करोड़ खर्च किए जाएंगे। वहीं बड़ियारगढ़-धौढंगी से सौराखाल मोटर मार्ग के 13.52 किलोमीटर हिस्से के अपग्रेडेशन एवं डामरीकरण कार्य का लोकार्पण किया गया। इस कार्य की लागत ₹12.21 करोड़ है।
भरदार में 232 करोड़ की योजनाएं स्वीकृत
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि भरदार क्षेत्र के विकास को सरकार प्राथमिकता दे रही है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में क्षेत्र के लिए ₹232 करोड़ से अधिक की विकास योजनाएं स्वीकृत एवं संचालित की गई हैं। इनमें अधिकांश योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष योजनाओं पर कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि सेमलता-डूंगरा-कफना मोटर पुल के निर्माण के लिए ₹6.32 करोड़ की धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। जल्द ही पुल का निर्माण शुरू किया जाएगा। पुल के बनने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री ने सौंदा-क्वीलाखाल पेयजल योजना को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन स्वीकृति के कारण योजना का कार्य रुका हुआ था, लेकिन अब वन स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है और जल्द ही योजना का कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, पेयजल समेत बुनियादी सुविधाओं को मजबूत कर ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। भरदार क्षेत्र में स्वीकृत और संचालित परियोजनाएं इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा हैं।
कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, बद्री-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कपरवान, वाचस्पति सेमवाल समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

