Jul 21, 2026

ऊखीमठ विशेषज्ञ हेल्थ कैंप में 281 मरीजों की जांच, कल से अगस्त्यमुनि में तीन दिवसीय शिविर

post-img

रुद्रप्रयाग। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के सहयोग से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में आयोजित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में 281 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित की गईं। वहीं, बुधवार 22 जुलाई से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का शुभारंभ होगा।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी के निर्देशन में आयोजित शिविर में सामान्य रोग के 189, अस्थि रोग के 53, सर्जरी के 28 तथा बाल रोग के 11 मरीजों का परीक्षण विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा किया गया। इसके अलावा 85 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग, 87 लोगों की स्वास्थ्य संबंधी काउंसलिंग, 97 मरीजों के लैब टेस्ट तथा 100 लोगों के एक्स-रे किए गए। शिविर के दौरान 13 ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड और 56 लोगों की आभा आईडी भी बनाई गई।

 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी ने बताया कि सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत 22 जुलाई से सीएचसी अगस्त्यमुनि में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सक विभिन्न रोगों के मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की।

 

विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के डॉ. अशोक कुमार शर्मा, डॉ. कमल कांत, डॉ. गीतांशु कपूर एवं डॉ. सुखजीत अरोड़ा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर डॉ. मोनिका सजवाण, डॉ. मोहित, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अमित मैठाणी, बीएलए अमित नौडियाल, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर आशा कार्यक्रम जगजीत सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।