Jul 21, 2026

रुद्रप्रयाग में एकल अभियान का 10 दिवसीय आचार्य प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, 30 आचार्य हुए प्रशिक्षित

post-img

अब गांव-गांव में संचालित होंगे संस्कार शिक्षा केंद्र, नई पीढ़ी को मिलेगा नैतिक शिक्षा और सामाजिक जागरूकता का संदेश,

रुद्रप्रयाग। एकल अभियान भाग गढ़वाल अंचल, रुद्रप्रयाग के तत्वावधान में आयोजित दस दिवसीय आचार्य प्रारंभिक अभ्यास वर्ग का समापन दीप प्रज्वलन एवं भव्य समारोह के साथ संपन्न हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में चार संचों से आए 30 नवीन आचार्यों ने सहभागिता कर संस्कार शिक्षा, व्यक्तित्व विकास, संगठनात्मक कार्यप्रणाली और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया।

दस दिनों तक चले इस प्रशिक्षण में आचार्यों को ग्रामीण समाज में शिक्षा, संस्कार, राष्ट्रभावना एवं सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से व्यावहारिक एवं वैचारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद सभी आचार्य अपने-अपने गांवों में संस्कार शिक्षा केंद्रों का संचालन करेंगे, जहां बच्चों एवं युवाओं में नैतिक मूल्यों, अनुशासन, भारतीय संस्कृति और सामाजिक चेतना का विकास किया जाएगा।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती ऐश्वर्या रावत ने प्रशिक्षित आचार्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान तभी सार्थक होगा, जब उसे गांव-गांव तक पहुंचाकर समाज के अंतिम व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जाए। उन्होंने कहा कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही सशक्त समाज और उज्ज्वल राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है।

विशिष्ट अतिथि एवं सामाजिक कार्यकर्ता कुलदीप रावत ने कहा कि एकल अभियान समाज के अंतिम छोर तक शिक्षा और संस्कार पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी प्रशिक्षित आचार्यों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आश्वस्त किया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आवश्यकता या समस्या आने पर वे हर संभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।

समापन सत्र में किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष संदीप पुष्पवाण ने सभी अतिथियों, समिति पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रशिक्षण वर्ग के सफल आयोजन के लिए सभी के योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय एकल अभियान रुद्रप्रयाग की अंचल अभियान प्रमुख पूजा रावत के नेतृत्व में किया गया।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष गुप्तकाशी किरण शुक्ला, मंडल अध्यक्ष केदारनाथ सुभाष रावत, कार्तिक स्वामी मंदिर समिति अध्यक्ष विक्रम नेगी, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष संदीप पुष्पवाण, पूर्व प्रधान दलीप राणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।