Jul 21, 2026

सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत जखोली में तहसील दिवस, 74 शिकायतें दर्ज, 34 का मौके पर निस्तारण,

post-img

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश,

रुद्रप्रयाग। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को विकासखंड सभागार जखोली में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में तहसील दिवस/जन समर्पण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।

तहसील दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 74 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 34 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र एवं समयबद्ध समाधान के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए। पशुपालन विभाग ने पशुपालन एवं टीकाकरण योजनाओं, उद्यान विभाग ने बागवानी एवं फलोत्पादन कार्यक्रमों, मत्स्य विभाग ने मत्स्य पालन प्रोत्साहन योजनाओं तथा डेयरी विकास विभाग ने दुग्ध उत्पादन एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। इसके अलावा समाज कल्याण, सेवायोजन, कृषि, पूर्ति, स्वास्थ्य, बाल विकास सहित अन्य विभागों ने भी अपनी योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया से लोगों को अवगत कराया और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

तहसील दिवस में ग्रामीणों ने क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। जखवाड़ी के ग्रामीणों ने कोट-जखवाड़ी मल्ली सड़क के डामरीकरण एवं पुश्ता निर्माण की मांग की। देवल निवासी गुरु प्रसाद ने भारी वर्षा से उनके आवासीय भवन एवं पुश्ते को हुई क्षति की जानकारी देते हुए सहायता की मांग रखी। जखनोली निवासी विजेंद्र सिंह मेवाड़ ने जलागम विभाग के माध्यम से क्षेत्र में सोलर लाइटें स्थापित करने का अनुरोध किया। मुसाढुंग निवासी शेर सिंह ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या उठाई, जबकि ग्राम पंचायत जखोली (लस्या) के प्रधान नरेंद्र सिंह चौहान ने आपदा से क्षतिग्रस्त ग्रामीण मार्गों के शीघ्र सुधारीकरण की मांग की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत जिला प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित कर रहा है। उन्होंने कहा कि जखोली में प्राप्त अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया है, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों को आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण की प्रगति से शिकायतकर्ताओं को नियमित रूप से अवगत कराया जाए। उन्होंने विशेष रूप से मानसून एवं आपदा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित परियोजनाओं और संवेदनशील स्थलों का नियमित निरीक्षण करने तथा प्राप्त शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में प्रमुख क्षेत्र पंचायत जखोली विनीता चमोली, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, उपजिलाधिकारी जखोली भगत सिंह फोनिया, खंड विकास अधिकारी विजय सिंह नेगी, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत वीरेंद्र गुसाईं, एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।