Apr 24, 2026

हेली सेवाओं पर डीएम विशाल मिश्रा का सख्त एक्शन, केदारनाथ में फर्जी दानपात्र जब्त,

post-img

ग्राउंड जीरो पर पहुंचे डीएम, श्रद्धालुओं से लिया फीडबैककृव्यवस्थाओं पर जताया संतोष,

रुद्रप्रयाग। विशाल मिश्रा एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं और श्री केदारनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए लगातार मैदान में सक्रिय हैं। इसी क्रम में उन्होंने हेली सेवाओं की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने केदारनाथ स्थित हेलीपैड पहुंचकर हेली सेवाओं के संचालन, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं से सीधे संवाद कर फीडबैक भी लिया। श्रद्धालुओं ने हेली सेवा, दर्शन व्यवस्था और प्रशासनिक प्रयासों पर संतोष व्यक्त करते हुए व्यवस्थाओं की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं के साथ आत्मीय व्यवहार करते हुए बाबा केदार का प्रसाद भी ग्रहण किया, जिससे यात्रियों के बीच सकारात्मक संदेश गया।

वहीं, पूरे दिन चले निरीक्षण अभियान के दौरान मंदिर परिसर में एक फर्जी दानपात्र पाए जाने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर उक्त दानपात्र को बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के माध्यम से तत्काल जब्त कर लिया गया। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट किया गया कि श्रद्धालुओं की आस्था के साथ किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग एवं धाम क्षेत्र में सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं तथा श्रद्धालुओं के साथ सौम्य और सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्राप्त हो रहे फीडबैक के आधार पर व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार किया जा रहा है, ताकि हर श्रद्धालु को सुरक्षित और सुगम यात्रा अनुभव मिल सके।