रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह नेगी
ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। जनपद के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मन्दिर समिति (बीकेटीसी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व सौंपे जाने पर विभिन्न संगठनों में हर्ष का माहौल है। इसी क्रम में बद्री-केदार मन्दिर समिति कर्मचारी संघ के सदस्य राम सिंह राणा ने जिलाधिकारी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। भेंट में राम सिंह राणा ने कहा कि मुख्य कार्याधिकारी विशाल मिश्रा के नेतृत्व में मन्दिर समिति के कार्यों में और अधिक पारदर्शिता, सुगमता एवं प्रभावशीलता आएगी। तथा तीर्थ यात्रियों की सुविधाओं में सुधार के साथ-साथ कर्मचारियों की समस्याओं का भी प्राथमिकता से समाधान होगा। भेंट में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मन्दिर समिति की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने आश्वासन दिया कि तीर्थ यात्रियों की सुविधा, व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण तथा कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। ज्ञात हो कि श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मन्दिर समिति उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक संस्थानों का संचालन करती है, जिसमें व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में जिलाधिकारी को यह दायित्व मिलने से प्रशासनिक स्तर पर बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है।