रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक की बच्छणस्यूं पट्टी के मर्गांव (पणधारा) की होनहार क्रिकेटर सभ्या नेगी (24) ने उत्तराखंड सीनियर महिला क्रिकेट टीम में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई है।
चयन की खबर मिलते ही गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया। सभ्या के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-दामाऊं की थाप और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। हर कोई इस होनहार बेटी की सफलता पर गर्व महसूस करता नजर आया। सभ्या नेगी, दरबान सिंह नेगी की पुत्री हैं। उन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। एक छोटे से गांव से निकलकर क्रिकेट के क्षेत्र में पहचान बनाना उनके संघर्ष और समर्पण की कहानी बयां करता है। बतौर ऑलराउंडर सभ्या पहले भी उत्तराखंड महिला प्रीमियर लीग में शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। फाइनल मुकाबले में उन्होंने तीन महत्वपूर्ण विकेट लेकर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी, जिससे चयनकर्ताओं का ध्यान उनकी ओर गया। ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह बिष्ट ने कहा कि सभ्या नेगी ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है और वे अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।