Aug 19, 2026

नर्सिंग कॉलेज के स्टोर से तार चोरी का खुलासा, हरिद्वार से दो आरोपी गिरफ्तार

post-img

कोठगी स्थित निर्माणाधीन कॉलेज में हुई थी चोरी, पुलिस ने सुरागरसी और तकनीकी साक्ष्यों से दबोचे आरोपी,

रुद्रप्रयाग। कोठगी स्थित निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज के स्टोर का ताला तोड़कर बिजली के तांबे के तार और अन्य सामग्री चोरी करने के मामले का रुद्रप्रयाग पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटना से संबंधित आवश्यक साक्ष्य एवं माल बरामद होने के बाद दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार 15 अगस्त 2026 को कार्यदायी संस्था आरपी इन्फ्रापॉवर प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि ने कोतवाली रुद्रप्रयाग में तहरीर दी थी। इसमें बताया गया कि ग्राम कोठगी स्थित निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज के स्टोर का ताला तोड़कर अज्ञात चोर विभिन्न माप के बिजली के तांबे के तार समेत अन्य सामग्री चोरी कर ले गए।

 

तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 52/2026, धारा 305(ए) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच चौकी प्रभारी घोलतीर उपनिरीक्षक जयवीर सिंह को सौंपी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने स्थानीय स्तर पर सुरागरसी-पतारसी, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लेते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। सघन छानबीन के बाद पुलिस टीम ने 18 अगस्त को सिडकुल, हरिद्वार क्षेत्र से दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

 

पूछताछ एवं चोरी की घटना से संबंधित आवश्यक साक्ष्य व माल मिलने के बाद पुलिस ने हसीन पुत्र मुरसलीन, उम्र 20 वर्ष तथा सावन पुत्र जातीराम, उम्र 19 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम डालूवाला कलां, थाना सिडकुल, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

 

चोरी के मामले का खुलासा करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी घोलतीर एवं विवेचक, आरक्षी विनय पंवार एसओजी तथा आरक्षी रविंद्र सिंह एसओजी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज में हुई चोरी की घटना का खुलासा होने के साथ ही मामले में शामिल आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली है।