Feb 13, 2026

शासन व्यवस्था मजबूत करने को धामी सरकार ने आईपीएस कैडर में बदलाव किया

post-img

उत्तराखंड पुलिस महकमे में आज बड़ा फेरबदल हुआ है। विभाग में कई पुलिस अधिकारियों के तबादले हुए हैं। वहीं, बीते 15 दिन में शहर में हत्याओं की कई घटनाओं के बाद एसएसपी देहरादून अजय सिंह को हटाया गया है। उन्हें एसएसपी एसटीएफ बनाया गया है। हरिद्वार एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को देहरादून में तैनाती दी गई है। नवनीत भुल्लर को हरिद्वार भेजा गया है।

उत्तराखंड में धामी सरकार ने आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादलों के बाद अब आईपीएस अधिकारियों का भी व्यापक स्तर पर स्थानांतरण कर दिया है। जनहित और प्रशासनिक आवश्यकता को देखते हुए कई जिलों के कप्तान बदले गए हैं। सबसे चर्चित बदलाव ऊधमसिंहनगर में हुआ है, जहां विवादों में रहे एसएसपी मणिकांत मिश्रा को हटाकर नई जिम्मेदारी दी गई है।शासनादेश के अनुसार आईपीएस अधिकारी अजय गणपति को ऊधमसिंहनगर का नया वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे चम्पावत में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। वहीं ऊधमसिंहनगर के एसएसपी रहे मणिकांत मिश्रा को अब पुलिस अधीक्षक, अभिसूचना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजधानी देहरादून में भी बड़ा बदलाव हुआ है। एसएसपी देहरादून रहे अजय सिंह को एसटीएफ की कमान दी गई है, जबकि एसटीएफ में तैनात नवनीत सिंह को हरिद्वार का एसएसपी बनाया गया है। हरिद्वार में भी कई स्तरों पर फेरबदल किया गया है, जिसमें अपराध एवं यातायात शाखा में नए अधिकारियों की तैनाती शामिल है। एसडीआरएफ और सतर्कता मुख्यालय में भी बदलाव किए गए हैं। निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक, एसडीआरएफ बनाया गया है। वहीं प्रल्हाद नारायण मीणा को सतर्कता मुख्यालय में पुलिस उपमहानिरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पिथौरागढ़, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, चम्पावत और अल्मोड़ा समेत कई जिलों में पुलिस अधीक्षकों के तबादले किए गए हैं। रेखा यादव, अक्षय प्रहलाद कोंडे, निहारिका तोमर, जितेन्द्र कुमार मेहरा और अन्य अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। कुछ अधिकारियों को पदोन्नति के बाद नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करें और कार्यभार ग्रहण प्रमाण पत्र पुलिस महानिदेशक, उत्तराखंड के माध्यम से शासन को उपलब्ध कराएं।धामी सरकार का यह प्रशासनिक कदम कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा पुलिस व्यवस्था में नई ऊर्जा लाने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। खासकर ऊधमसिंहनगर जैसे संवेदनशील जिले में नए कप्तान की तैनाती को अहम माना जा रहा है।