Apr 07, 2026
govt-ads

चारधाम यात्रा : प्रशासन की सख्ती, रात्रि औचक निरीक्षण में व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल

post-img

स्वच्छता, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर फोकस—अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में संभाली कमान

रुद्रप्रयाग। आगामी चारधाम यात्रा 2026 को सुव्यवस्थित, स्वच्छ, सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देने के साथ-साथ जमीनी हकीकत परखनी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार रात जनपद रुद्रप्रयाग में व्यापक औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया, जिसमें जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के नेतृत्व में सभी वरिष्ठ अधिकारी सड़कों पर उतरे।

रात्रि 8 बजे के बाद शुरू हुए इस अभियान में अधिकारियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की गहन जांच की। जिलाधिकारी ने स्वयं रुद्रप्रयाग से कुंड तक राष्ट्रीय राजमार्ग और मरम्मत कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया।

मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने रुद्रप्रयाग से सुमेरपुर तक नगर क्षेत्र में स्वच्छता और शौचालय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। बस अड्डे के समीप शौचालयों की सफाई पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य बाजार स्थित एक यूरिनल में पानी की कमी के कारण दुर्गंध की समस्या पाई गई, जिस पर तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। वहीं सड़कों के किनारे नालियों में प्लास्टिक कचरा मिलने पर अधिकारियों ने नाराजगी जताते हुए नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय से तिलवाड़ा और धरमोला तक निरीक्षण कर साफ-सफाई, शौचालय, शराब की दुकानों और रेस्टोरेंट्स की व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान ओवररेटिंग की जांच की गई और निर्धारित दरों पर ही बिक्री के निर्देश दिए गए। कुछ स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध उपयोग पाए जाने पर उन्हें जब्त किया गया।

उपजिलाधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में भीड़भाड़ वाले स्थानों, सड़कों और दुकानों का निरीक्षण कर स्वच्छता और दर नियंत्रण सुनिश्चित कराया गया। वहीं तहसीलदारों ने सड़क, पेयजल और विद्युत व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ वाहनों में अवैध शराब की चेकिंग भी की।

परिवहन विभाग की ओर से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी कुलवंत चौहान ने वाहन चेकिंग अभियान चलाया। 28 से अधिक वाहनों की जांच में 11 वाहनों का चालान किया गया। चेकिंग के दौरान टैक्स, परमिट, बीमा, पीयूसीसी, रिफ्लेक्टर, अतिरिक्त सवारी और लाइसेंस संबंधी अनियमितताएं सामने आईं।

खाद्य एवं पूर्ति विभाग की टीम ने होटल और रेस्टोरेंट्स में गैस सिलेंडर उपयोग, खाद्य गुणवत्ता, फूड लाइसेंस और ओवररेटिंग की जांच की। कई स्थानों पर घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध उपयोग पाए गए, जिन पर कार्रवाई की गई।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे ने तिलवाड़ा से अगस्त्यमुनि के बीच होटल और होमस्टे का निरीक्षण किया। इस दौरान बिना पंजीकरण संचालित हो रहे प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई। सिल्ली क्षेत्र में दो होमस्टे मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।

नगर निकायों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जबकि लोक निर्माण विभाग ने निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा कर उन्हें समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु उत्तराखंड से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें।