रुद्रपुर। उत्तराखंड पत्रकारिता जगत के वरिष्ठ पत्रकार अशोक गुलाटी को पत्रकार प्रेस महासंघ का उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से प्रदेश भर के पत्रकारों में उत्साह का माहौल है और विभिन्न पत्रकार संगठनों व सहयोगियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
महासंघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी ने पत्रकारिता के क्षेत्र में गुलाटी के लंबे अनुभव और पत्रकार हितों के लिए उनके समर्पित योगदान को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। नेशनल सेक्रेट्री सर्वेन्द्र चौहान तथा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य आनन्द विक्रम सिंह की सहमति से केंद्रीय कार्यालय प्रभारी जयंत दत्त ने देर रात उनके मनोनयन की आधिकारिक घोषणा की। बताया जा रहा है कि हाल ही में पत्रकार प्रेस परिषद से अपने सहयोगियों के साथ अलग होने के बाद गुलाटी को अब नए मंच के माध्यम से पत्रकारों की आवाज को मजबूती से उठाने का अवसर मिलेगा। इस नियुक्ति पर वरिष्ठ पत्रकार परमपाल सुखीजा, जगदीश चन्द्र, उर्वा दत्त भट्ट, नरेन्द्र राठौर, महेन्द्र पोपली और महेन्द्र मौर्या सहित अनेक पत्रकारों ने खुशी जताते हुए गुलाटी को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
उत्तराखंड की अग्रणी संस्था देवभूमि पत्रकार यूनियन (पंजी.) ने भी बयान जारी कर कहा कि प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार अशोक गुलाटी के मनोनयन से संगठन को नई दिशा मिलेगी। यूनियन के प्रदेश महासचिव डॉ. वी.डी. शर्मा ने कहा कि गुलाटी के अनुभव और नेतृत्व से महासंघ और अधिक मजबूत बनेगा। अपने मनोनयन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अशोक गुलाटी ने महासंघ की राष्ट्रीय टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संगठन को सशक्त बनाने तथा पत्रकारों की प्रमुख समस्याओं—जैसे वेतन, सुरक्षा और सम्मान—के समाधान के लिए वे पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार कर सक्रिय सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, ताकि पत्रकार हितों की रक्षा प्रभावी ढंग से की जा सके।
गुलाटी की यह नियुक्ति उत्तराखंड की पत्रकारिता में एक नए अध्याय के रूप में देखी जा रही है, खासकर ऐसे समय में जब राज्य में मीडिया संगठनों के बीच समन्वय और एकजुटता की आवश्यकता महसूस की जा रही है।