Apr 21, 2026

भक्ति और उल्लास के साथ तृतीय केदार तुंगनाथ की डोली चोपता पहुंची, कल खुलेंगे कपाट

post-img

 

खबर सार : लक्ष्मण सिंह नेगी


रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। पंच केदारों में तृतीय केदार के नाम से विख्यात भगवान तुंगनाथ के कपाट कल ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए जाएंगे। इस पावन अवसर की पूर्व संध्या पर भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास भूतनाथ मंदिर मक्कूमठ से भव्य धार्मिक अनुष्ठानों के बीच तुंगनाथ धाम के लिए रवाना हुई। डोली के प्रस्थान के दौरान पूरा क्षेत्र बाबा के जयकारों और भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
आज सुबह ब्रह्म बेला में विद्वान आचार्यों ने पंचांग पूजन और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए। इसके बाद भगवान तुंगनाथ और तैंतीस कोटि देवी-देवताओं का आवाहन किया गया। सुबह ठीक 10 बजे डोली का भव्य श्रृंगार कर आरती उतारी गई और मंदिर की तीन परिक्रमाओं के बाद डोली को कैलाश के लिए विदा किया गया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक मांगल गीत गाए, जबकि श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया।
 

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। मक्कूमठ से प्रस्थान के बाद डोली पाव गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों ने पारंपरिक अर्घ्य अर्पित कर क्षेत्र की खुशहाली की मन्नत मांगी। यात्रा मार्ग में चिलियाखोड़, पगेर और बनियाकुंड होते हुए देर शाम डोली चोपता पहुंची। चोपता में स्थानीय व्यापारियों और देश-विदेश से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर डोली का भव्य स्वागत किया।

कल वेद ऋचाओं के साथ खुलेंगे कपाट
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। कल उत्सव डोली चोपता से प्रस्थान कर सुरम्य बुग्यालों से होते हुए तुंगनाथ धाम पहुंचेगी। वहां शुभ मुहूर्त पर वेद ऋचाओं और विधि-विधान के साथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इस अवसर पर डोली प्रभारी प्रकाश पुरोहित, प्रबंधक बलवीर सिंह नेगी, चंद्र मोहन बजवाल सहित विभिन्न गांवों के सैकड़ों हक-हकूकधारी, पंच पुरोहित और श्रद्धालु उपस्थित रहे।