रूद्रप्रयाग।
होली के उल्लास और रंगों के बीच इस बार रुद्रप्रयाग नगर में महिलाओं की आवाज़ में उत्सव से ज्यादा आक्रोश और पीड़ा सुनाई दी। नगर के गुलाबराय मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भाजपा महिला कार्यकत्रियों सहित बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने बहिन–बेटी अंकिता भंडारी को जल्द से जल्द न्याय दिलाने की पुरज़ोर मांग उठाई।
महिलाओं ने एक स्वर में कहा कि जिस निर्ममता से अंकिता की हत्या कर उसके माता–पिता की दुनिया उजाड़ दी गई, वह समाज के लिए कलंक है। “ऐसे दरिंदों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। जब तक दोषियों को सख्त दंड नहीं मिलता, तब तक हर त्यौहार अधूरा है।
कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार से अपील करते हुए कहा कि इस मामले में न्यायिक प्रक्रिया को तेज किया जाए। जहां एक ओर पीड़ित परिवार हर दिन दर्द के साए में जी रहा है, वहीं दोषियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई में हो रही देरी समाज में गलत संदेश दे रही है। सभासद किरन पंवार, पार्वती गोस्वामी, पुष्पा किमोठी ने कहा कि अंकिता के माता–पिता के लिए होली, दीपावली जैसे सभी पर्व अब फीके पड़ चुके हैं। “जब तक बेटी को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक हमारे घरों में भी रंग अधूरे रहेंगे,” यह भावुक संदेश कार्यक्रम के दौरान बार-बार सुनाई दिया।
गुलाबराय मैदान में उठी यह आवाज़ सिर्फ एक परिवार के न्याय की मांग नहीं, बल्कि प्रदेश की हर बहिन–बेटी की सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई का प्रतीक बन गई। महिलाओं ने स्पष्ट किया कि वे न्याय की इस लड़ाई में पीछे हटने वाली नहीं हैं और जरूरत पड़ी तो आगे भी जनआंदोलन किया जाएगा।