May 21, 2026

रुद्रप्रयाग में अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर प्रशासन की नजर, औचक निरीक्षण में सब मिला दुरुस्त

post-img

रुद्रप्रयाग। जिला निरीक्षण एवं अनुश्रवण समिति पीसीपीएनडीटी द्वारा मंगलवार को जनपद मुख्यालय स्थित अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सभी अल्ट्रासाउंड केंद्र नियमानुसार संचालित पाए गए।

 

जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में उपजिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी के नेतृत्व में गठित छह सदस्यीय टीम ने जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग, कोटेश्वर स्थित माधवाश्रम चिकित्सालय, जन कल्याण हॉस्पिटल तथा बोहरा नर्सिंग होम में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण किया।

 

निरीक्षण के दौरान टीम ने अल्ट्रासाउंड केंद्रों में कार्यरत चिकित्सकों की वैधता, मशीनों के मेक एवं मॉडल, ओपीडी रजिस्टर, एएनसी रजिस्टर, फार्म-एफ विवरण सहित विभिन्न अभिलेखों के रखरखाव की जांच की। इसके अलावा केंद्रों में नोटिस बोर्ड डिस्प्ले, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना तथा एक्टिव ट्रैकर की कार्यशीलता का भी निरीक्षण किया गया।

 

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी ने बताया कि सभी अल्ट्रासाउंड केंद्र निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित पाए गए हैं। निरीक्षण दल ने केंद्र संचालकों एवं रेडियोलॉजिस्ट को नियमानुसार केंद्रों का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

 

निरीक्षण दल में तहसीलदार रुद्रप्रयाग जगदीश सिंह नेगी, जिला निरीक्षण एवं अनुश्रवण समिति पीसीपीएनडीटी सदस्य डॉ. मनीष कुमार, डॉ. मोनिका राणा तथा जिला समन्वयक पीसीपीएनडीटी मुकेश बगवादी शामिल मिल रहे।