15 अगस्त को सुबह 9:30 बजे जिला मुख्यालय में होगा मुख्य समारोह, प्रभारी मंत्री गणेश जोशी होंगे मुख्य अतिथि,
प्रभात फेरी, मैराथन, खेलकूद, पौधरोपण व प्रतियोगिताओं का होगा आयोजन,
रुद्रप्रयाग। स्वतंत्रता दिवस-2026 को जनपद में गरिमापूर्ण, भव्य और देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत ढंग से मनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। स्वतंत्रता दिवस समारोह की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित कीं। उन्होंने सभी अधिकारियों को कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति का पर्व है। ऐसे में समारोह की सभी व्यवस्थाएं बेहतर समन्वय के साथ सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजाम समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त को सुबह नौ बजे जनपद के सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9:30 बजे जिला मुख्यालय में मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित होगा। समारोह में कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या से ही जनपद के सभी सरकारी भवनों एवं प्रमुख कार्यालयों को आकर्षक विद्युत प्रकाश व्यवस्था से सजाया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भवनों की सजावट और प्रकाश व्यवस्था समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप सरकारी भवन आकर्षक नजर आएं।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सुबह सात बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। प्रभात फेरी के माध्यम से विद्यार्थियों और आमजन को देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
इसके साथ ही जनपद में वृहद पौधरोपण अभियान भी चलाया जाएगा। विभिन्न विभागों, विद्यालयों और संस्थानों द्वारा निर्धारित स्थानों पर पौधे लगाए जाएंगे। डीएम ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्वतंत्रता दिवस पर युवाओं में खेल भावना, स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इनमें बैडमिंटन प्रतियोगिता सहित अन्य खेल प्रतियोगिताएं शामिल हैं। इसके अलावा बेलिनी पुल से कमेड़ा तक मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी, जिसमें युवा और आमजन बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
विद्यार्थियों के लिए भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्र निर्माण, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े विषयों पर विद्यार्थी अपने विचार व्यक्त करेंगे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत विभाजन से संबंधित लघु फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस के सभी कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर कमी न रहने दी जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए समारोह को भव्य और यादगार बनाया जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी आशीष रावत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।