रुद्रप्रयाग। भीरी-ककोला मोटर मार्ग पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की अकाल मृत्यु हो गई। अनियंत्रित होकर एक वाहन लगभग 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया, लेकिन तब तक तीनों युवक दम तोड़ चुके थे।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब 11ः54 बजे प्रशासन को सूचना मिली कि भीरी से औरिंग की ओर जा रही एक वहान संख्या uk13 TA 1991 अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। अंधेरा और दुर्गम पहाड़ी रास्ता होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट अगस्त्यमुनि से उपनिरीक्षक धर्मेंद्र पंवार के नेतृत्व में टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने कडी मशक्कत के बाद खाई में उतरकर शवों को बरामद किया। वाहन के परखच्चे उड़ चुके थे। सुबह तक चले अभियान में शवों को मुख्य मार्ग तक पहुंचाया गया।
हादसे का शिकार हुए तीनों युवक स्थानीय निवासी थे। मृतकों की पहचान नवीन सिंह (30) निवासी औरिंग, अमित सिंह (35) निवासी सुरसाल और अंशुल (28) निवासी सुरसाल के रूप में हुई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। प्रशासन और पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। रात का समय होने और मोड़ पर नियंत्रण खोने की आशंका जताई गई है।