जिला सूचना कार्यालय परिसर में चला व्यापक स्वच्छता अभियान,

Blog
 Image

कार्मिकों ने श्रमदान कर झाड़ियों, घास-फूस व कूड़े की सफाई की, पौधों के संरक्षण पर भी दिया जोर,

रुद्रप्रयाग। जिला सूचना कार्यालय परिसर में मंगलवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिला सूचना कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्रमदान कर कार्यालय परिसर तथा आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की। कार्मिकों ने परिसर के समीप उगी झाड़ियों का कटान करने के साथ ही अनावश्यक घास-फूस एवं कूड़े को हटाकर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया।

 

स्वच्छता अभियान के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हरेला पर्व के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय परिसर में रोपित किए गए पौधों का भी निरीक्षण किया। पौधों की वर्तमान स्थिति, संरक्षण एवं नियमित देखभाल की जानकारी लेते हुए उनके समुचित संरक्षण पर जोर दिया गया। परिसर को हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाए रखने के लिए पौधों की नियमित देखरेख और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देने की बात कही गई।

 

जिला सूचना अधिकारी कृपाल लाल टम्टा ने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति को अपनी दैनिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वच्छता को नियमित कार्यशैली का हिस्सा बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए रोपित पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ परिसर और हरित वातावरण न केवल कार्यालय की सुंदरता बढ़ाते हैं, बल्कि स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।