384 ग्रामीणों की हुई टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग, 34 के लिए गए बलगम के नमूने,

Blog
 Image

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत गांव-गांव लगाए जा रहे स्क्रीनिंग कैंप, 26 से 30 सितंबर तक पांच स्थानों पर होंगे शिविर,

रुद्रप्रयाग। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जनपद में टीबी की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से गांव-गांव एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप लगाए जा रहे हैं। इस सप्ताह आयोजित स्क्रीनिंग कैंपों में 384 ग्रामीणों की एक्स-रे जांच की गई। टीबी के संभावित लक्षण पाए जाने पर 34 लोगों के बलगम के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं।

 

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में ग्रामीणों की स्क्रीनिंग की गई। जगतोली में 157 लोगों की एक्स-रे जांच की गई, जबकि 21 लोगों के बलगम के नमूने लिए गए। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के भौंसाल में आयोजित दो दिवसीय कैंप में 63 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग हुई और पांच लोगों के बलगम के नमूने लिए गए। डोभा में 27 लोगों की एक्स-रे जांच की गई तथा दो लोगों के नमूने लिए गए। वहीं, जखोली ब्लॉक के त्यूंखर में 55 लोगों की स्क्रीनिंग हुई और दो लोगों के बलगम के नमूने लिए गए।

 

शुक्रवार को अगस्त्यमुनि ब्लॉक के रूमसी और जखोली ब्लॉक के त्यूंखर में टीबी स्क्रीनिंग कैंप के दूसरे दिन भी जांच की गई। रूमसी में 30 लोगों की एक्स-रे स्क्रीनिंग तथा तीन लोगों के बलगम के नमूने लिए गए। त्यूंखर में 52 लोगों की एक्स-रे जांच की गई और एक व्यक्ति का बलगम नमूना जांच के लिए लिया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने बताया कि 26 से 30 सितंबर तक टीबी एक्स-रे स्क्रीनिंग कैंप का रोस्टर जारी किया गया है। इसके तहत अगस्त्यमुनि ब्लॉक की एनटीईपी टीम 26 सितंबर को चमेली, 28 सितंबर को अमोठा, 29 सितंबर को लोली और 30 सितंबर को पाबौ में कैंप लगाएगी। वहीं, जखोली ब्लॉक की एनटीईपी टीम 26 सितंबर को कोटी महरगांव में स्क्रीनिंग कैंप आयोजित करेगी।

उन्होंने ग्रामीणों से निर्धारित तिथियों पर शिविरों में पहुंचकर टीबी की एक्स-रे स्क्रीनिंग कराने की अपील की है, ताकि बीमारी की समय पर पहचान कर आवश्यक उपचार शुरू किया जा सके।

 

स्क्रीनिंग अभियान में अगस्त्यमुनि ब्लॉक की टीम से सीनियर ट्रीटमेंट सुपरवाइजर हरीश चौधरी, डीपीएस सुनील राणा और एसटीएस सुमन रावत तथा जखोली ब्लॉक की टीम से एसटीएस मुकेश जोशी और एक्स-रे तकनीशियन नितिन सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल रहे।