चीरबासा में क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग दुरुस्त, केदारनाथ यात्रा सुचारु,

Blog
 Image

सुरक्षा बलों की निगरानी में शुरू हुई आवाजाही, सोनप्रयाग में रोके गए दो हजार से अधिक श्रद्धालु केदारनाथ रवाना,

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम पैदल यात्रा मार्ग पर चीरबासा के समीप क्षतिग्रस्त हिस्से को दुरुस्त कर दिए जाने के बाद मंगलवार को यात्रा फिर सुचारु कर दी गई। प्रभावित हिस्से की सफाई और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद सुरक्षा बलों की निगरानी में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू कराई गई। मार्ग खुलने के बाद सोनप्रयाग में रोके गए दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं को भी केदारनाथ धाम के लिए रवाना कर दिया गया।

 

मंगलवार को गौरीकुंड से करीब ढाई किलोमीटर आगे चीरबासा के समीप पैदल मार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त होने से कुछ समय के लिए यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई थी। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रभावित क्षेत्र में आवाजाही रोककर मार्ग को सुरक्षित बनाने की कार्रवाई शुरू की।

 

संबंधित कार्यदायी संस्था के श्रमिकों ने पुलिस और एसडीआरएफ के जवानों के सहयोग से क्षतिग्रस्त हिस्से की सफाई और आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कीं। सुरक्षा मानकों की जांच के बाद सबसे पहले केदारनाथ धाम से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं को सुरक्षा बलों की निगरानी में प्रभावित हिस्से से सुरक्षित पार कराया गया। इसके बाद गौरीकुंड की ओर आवाजाही सामान्य कराई गई।

 

मार्ग पर आवाजाही सुचारु होने के बाद सोनप्रयाग में रोके गए दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं को भी चरणबद्ध तरीके से केदारनाथ धाम की ओर रवाना किया गया। यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस और एसडीआरएफ के जवान लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुरक्षित तरीके से संचालित करा रहे हैं।

 

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मार्ग को सुरक्षित करने के बाद यात्रा सुचारु कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मौसम और पैदल मार्ग की परिस्थितियों को देखते हुए श्रद्धालु यात्रा के दौरान विशेष सतर्कता बरतें। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने के साथ ही पुलिस, प्रशासन और सुरक्षा बलों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। मार्ग में किसी भी प्रकार की विषम परिस्थिति उत्पन्न होने पर सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों को प्राथमिकता दें।