govt-ads

महिला मंगल दलों और स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

Blog
 Image

तल्लानागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेले के दूसरे दिन लोक संस्कृति के विविध रंगों से सराबोर रहा मेला परिसर,

राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट रहे मुख्य अतिथि, जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता,

रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह नेगी 

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। तल्लानागपुर चोपता के चांदधार में आयोजित पांच दिवसीय तल्लानागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेले के दूसरे दिन महिला मंगल दलों और क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। लोकगीतों, लोकनृत्यों और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कलाकारों ने उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी से मेला परिसर दिनभर उत्साह और उल्लास से सराबोर रहा।

 

मेले के दूसरे दिन राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण अमित मैखण्डी, उत्तराखंड क्रांति दल के नेता डॉ. आशुतोष भण्डारी तथा उक्रांद की केंद्रीय सचिव आरती बेजवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया।

 

मुख्य अतिथि राज्य मंत्री चण्डी प्रसाद भट्ट ने कहा कि मेले हमारी लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत को संरक्षित रखने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे आयोजनों से महिला मंगल दलों और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि तल्लानागपुर क्षेत्र की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में इस प्रकार के आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी ने कहा कि तल्लानागपुर कृषि औद्योगिक विकास मेला क्षेत्र की जनता का अपना उत्सव है। मेले के माध्यम से स्थानीय लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा मिल रहा है। वहीं जिला पंचायत सदस्य त्रियुगीनारायण अमित मैखण्डी ने कहा कि इस तरह के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की सांस्कृतिक एवं आर्थिक गतिविधियों को नई पहचान दिलाने के साथ स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हैं।

 

उक्रांद नेता डॉ. आशुतोष भण्डारी ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति, भाषा, बोली और परंपराएं हमारी विशिष्ट पहचान हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन सामूहिक जिम्मेदारी है। उक्रांद की केंद्रीय सचिव आरती बेजवाल ने कहा कि महिला मंगल दल ग्रामीण संस्कृति और सामाजिक एकजुटता की मजबूत आधारशिला हैं। महिलाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और पारंपरिक विरासत से जोड़ने का कार्य करती हैं।

 

मेला अध्यक्ष ललित मोहन मेवाल ने अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, महिला मंगल दलों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मेले को सफल बनाने में सभी का महत्वपूर्ण सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरे दिन की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मेले की रौनक को और बढ़ाया है। महिला मंगल दलों और नौनिहालों की प्रस्तुतियों ने साबित किया कि पहाड़ की लोक संस्कृति आज भी नई पीढ़ी के उत्साह और उमंग के साथ जीवंत है।

 

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह नेगी, मनोज राणा, महामंत्री दीपक नेगी, विनोद रावत, सतवीर जग्गी, प्रधान सीता देवी, साधना देवी, आजाद खत्री, नीता देवी, मंजू देवी, संतोषी बर्त्वाल, लक्ष्मण बर्त्वाल, विजय सिंह सजवाण, वीरेन्द्र कुनियाल, यशपाल सिंह रावत, गजेन्द्र करासी, लक्ष्मण राणा, बृजमोहन नेगी, हरीश बुटोला, पंचम नेगी, शंकर नेगी, योगम्बर रावत, केशर सिंह पंवार और वीरेन्द्र मेवाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं लोग मौजूद रहे।