रुद्रप्रयाग। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी के आकस्मिक निधन से सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में शोक की लहर है। उनके निधन पर जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर जिला सूचना कार्यालय परिसर में शोक सभा आयोजित की गई। उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा तथा ईश्वर से प्रार्थना की कि वह शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
जिला सूचना अधिकारी रुद्रप्रयाग के.एल. टम्टा ने कहा कि गिरिजा शंकर जोशी का आकस्मिक निधन सूचना एवं लोक संपर्क विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय जोशी एक कर्मठ, समर्पित एवं अनुभवी अधिकारी थे। अपने कार्य एवं दायित्वों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी। उनके निधन से विभाग ने एक योग्य अधिकारी के साथ-साथ एक सहज एवं संवेदनशील सहकर्मी को खो दिया है।
शोक सभा में जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जनपद के मीडिया प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। सभी ने स्वर्गीय गिरिजा शंकर जोशी के निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति अपनी आत्मीय संवेदनाएं प्रकट कीं।
अंत में सभी ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन एवं दुःखद घड़ी में धैर्य, संबल एवं शक्ति प्रदान करें।

