40 साल की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुए कैडर सचिव सुरेंद्र सिंह राणा, भावभीनी विदाई,

Blog
 Image

सहकारिता विभाग में चार दशक तक निभाई जिम्मेदारी, ग्रामीणों को सहकारिता से जोड़ने में रहा अहम योगदान,

रुद्रप्रयाग। सहकारिता विभाग में करीब चार दशक तक अपनी सेवाएं देने वाले कैडर सचिव सुरेंद्र सिंह राणा के सेवानिवृत्त होने पर साधन समिति सचिव परिषद एवं समिति कर्मचारियों की ओर से भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान वक्ताओं ने उनके लंबे, गौरवपूर्ण और समर्पित सेवाकाल को याद करते हुए उनके कर्मठ, अनुभवी, ईमानदार और सरल व्यक्तित्व की जमकर सराहना की।

 

सुरेंद्र सिंह राणा ने वर्ष 1987 में सहकारिता विभाग में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। उन्होंने अपने सेवाकाल की शुरुआत साधन सहकारी समिति बक्सीर से की। यहां उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सहकारिता से जोड़ने के साथ ही विभागीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद उन्होंने गोर्ती पाला, डांगी जाखाल और कंडाली साधन सहकारी समितियों में भी पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया।

 

वर्ष 2018 से अगस्त 2026 तक उन्होंने कैडर प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व संभाला। इस दौरान उनकी कार्यकुशलता, प्रशासनिक समझ, व्यवहार-कुशलता और लंबे अनुभव का लाभ विभाग के साथ-साथ सहकारिता से जुड़े कर्मचारियों एवं समितियों को मिला। वक्ताओं ने कहा कि राणा ने अपने सेवाकाल में कठिन परिस्थितियों के बावजूद धैर्य, सकारात्मक सोच और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

विदाई समारोह में वक्ताओं ने कहा कि सुरेंद्र सिंह राणा के चार दशक लंबे सेवाकाल पर सभी को गर्व है। उनके अनुभव और सरल स्वभाव ने कार्यस्थल पर एक अलग पहचान बनाई। उनके सेवानिवृत्त होने से जहां विभाग ने एक अनुभवी और कर्मठ कर्मचारी को खोया है, वहीं सहकर्मियों के बीच उनके विदा होने की कसक भी है।

समारोह में उपस्थित कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने सुरेंद्र सिंह राणा के स्वस्थ, सुखद, शांतिपूर्ण और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल, साधन समिति सचिव परिषद के प्रदेश अध्यक्ष हर्षमणि नौटियाल, एडीसीओ स्वराज पंवार एवं प्रशांत रावत, सुरेंद्र गोस्वामी, भूप सिंह कप्रवान, चैतराम डिमरी, नरेश गौड़, सुदीप बागड़ी समेत साधन सहकारी समितियों के सचिव एवं कर्मचारी मौजूद रहे।