तीर्थ पुरोहितों ने की चारधामों में दो सीटों पर टिकट देने की मांग
टिकट ना मिलने पर भाजपा के खिलाफ प्रचार करेंगे तीर्थ पुरोहित
डाॅ रावत के भाजपा छोड़ने के बाद कांग्रेस में नई ऊर्जा का संचार
उत्तराखंड में भाजपा डूबता हुआ जहाज: नेगी
रुद्रप्रयाग। भगवान केदारनाथ धाम के तीर्थ पुरोहितों ने भाजपा से चारधामों में दो सीटों पर पुरोहितों को टिकट देने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकार ने देवस्थानम् बोर्ड को भंग कर बद्री-केदार मंदिर समिति में अपने कार्यकर्ता को अध्यक्ष बना दिया है। ऐसे में तीर्थ पुरोहितों को भी विधानसभा का टिकट मिलना चाहिए। वर्षो से तीर्थ पुरोहित देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करने के साथ ही भाजपा के कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। ऐसे में उन्हें टिकट दिया जाना चाहिए और अगर ऐसा नहीं किया गया तो तीर्थ पुरोहित भाजपा का घोर विरोध करने के लिए मजबूर हो जायेंगे। वहीं काबीना मंत्री डाॅ हरक सिंह रावत को भाजपा से निकाले जाने के बाद कांग्रेस में खुशी देखी जा रही है। कांग्रेस नेताओं की माने तो विधानसभा चुनाव में राज्य से भाजपा का सफाया होना तय हैै। अब राज्य में भाजपा का जहाज डूबने वाला है। धीरे-धीरे लोग भाजपा से पलायन करने लगे हैं। भाजपा में हिटलर शाही राजनीति का अंत होने वाला है। जन अपेक्षाओं पर भी भाजपा खरी नहीं उतरी है।
बता दें कि केदारनाथ के तीर्थ पुरोहितों ने भाजपा से चारधामों की दो सीटों पर टिकट देने की मांग की है। वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित संतोष त्रिवेदी ने कहा कि विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं और भाजपा से टिकट बांटे जा रहे हैं। उत्तराखण्ड देवभूमि में चारधाम हैं, जहां के तीर्थ पुरोहित सालों से देश-विदेश से आने वाले तीर्थ यात्रियों की सेवा कर रहे हैं। ऐसे में भाजपा को उन्हें भी टिकट देना चाहिए। सरकार ने देवस्थानम बोर्ड को भंग करने के बाद फिर से बद्री-केदार मंदिर समिति को अस्तित्व में लाया गया है और अपने कार्यकर्ता को समिति का अध्यक्ष भी बना दिया है। अब तीर्थ पुरोहित भी चाहते हैं कि चारधामों की दो सीटों पर पुरोहितों को टिकट दिया जाय। अगर ऐसा नहीं किया गया तो चारधामों के तीर्थ पुरोहित भाजपा के खिलाफ प्रचार-प्रसार करने के साथ ही भाजपा को हराने मे पूरी ताकत झोंक देंगे।
वहीं काबीना मंत्री डाॅ हरक सिंह रावत को भाजपा से निष्कासित कर दिया गया है, जिसके बाद से उनके कांग्रेस में जाने के कयास लगाये जा रहे हैं और कांग्रेस नेताओं में भी खुशी देखी जा रही है। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी ने कहा कि जनता राज्य में अब कांग्रेस के नेतृत्व में नई सरकार लाने का मन बना चुकी है, जिससे अब भाजपा में खलबली मचनी शुरू हो गई है। जनता के आक्रोश को देखते हुए कई नेता भाजपा से विदाई चाहते हैं। साथ ही उन्हें यह भी आभास हो गया है कि जनता किसी भी कीमत पर भाजपा को राज्य में मौका नहीं देना चाहती है। क्योंकि राज्य में सरकार महंगाई, बेरोजगारी, बिगड़ती कानून व्यवस्था, बेलगाम अफसरशाही के चलते बुरी तरह फेल साबित हुई है। जनता की सुनवाई भी सरकार में ना के बराबर रही है। कहा कि जनता ने देख लिया है कि सरकार के डबल इंजन से राज्य में केवल मुख्यमंत्री को ही ढोया गया है, जिसके चलते राज्य के असल मुद्दों को प्राथमिकता ही नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है भाजपा के इन फेल इंजनों को कबाड़ खाने में जमा कर दिया जाए तथा राज्य में कांग्रेस के नेतृत्व में जनता के आशाओं के अनुरूप नई सरकार का मार्ग प्रशस्त किया जाए। कहा कि भाजपा अपने कुछ विधायकों के टिकट काटकर नए लोगों को मौका देने की बात कहकर जनता का ध्यान महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के मुद्दों से भटकाना चाहती है। साथ ही यह भूल गई है कि एक वर्ष में तीन मुख्यमंत्रियों को बदलकर जनता को कर्ज तले डाला गया। अब भाजपा का जहाज राज्य में डूबने वाला है, जिसे देख अब लोग भाजपा से किनारा करने लग गए हैं।