दुर्गाधार में महिलाओं ने पुलिस के जवानों को बांधा रक्षासूत्र
पहले जाना पड़ता था कोतवाली रुद्रप्रयाग, अब क्षेत्र में खुल गई चौकी
चौकी खोलने पर सीएम धामी का जताया आभार,
रुद्रप्रयाग। चोपता-दुर्गाधार क्षेत्र में दुर्गाधार की महिला समूह से जुड़ी महिलाओं ने दुर्गाधार पुलिस चौकी में तैनात जवानों को रक्षा सूत्र बांधते हुए उनकी मंगलकामना की। साथ ही उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर मिष्ठान वितरण भी किया गया।
महिला समूह की अध्यक्ष व समाज सेविका दुर्गा करासी द्वारा चलाए गए रक्षा सूत्र अभियान को लेकर रविवार को दुर्गाधार पुलिस चौकी के जवानों के लिए एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। महिला समूह की अध्यक्ष दुर्गा करासी ने चैकी प्रभारी योगेश कुमार चौधरी को तिलक लगाते हुए उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर मंगल कामना की। जबकि क्षेत्र की महिला समूह की अन्य बहनों ने भी सभी पुलिस जवानों को तिलक वंदन कर रंग बिरंगी राखियां पहनाई। साथ ही उन्हें मिठाई खिलाई। दुर्गा करासी ने रक्षा सूत्र अभियान को लेकर विस्तार से जानकारी दी। कहा कि पहले उन्हें इस कार्य के लिए रुद्रप्रयाग जाना पड़ता था, प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बहुत आभार है, जो उनके द्वारा यह अवसर दुर्गाधार में ही मिल गया है। चौकी खोलकर यहां इस भव्य आयोजन को करने का अवसर मिला है। रक्षा सूत्र अभियान कार्यक्रम में दुर्गाधार चोपता पुलिस चौकी प्रभारी योगेश कुमार चौधरी ने सभी मातृ शक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी माता बहनों ने सभी पुलिस स्टाफ को राखी बांधी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में सुख शांति और बेहतर कानून व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस दृढ़ संकल्प है। इस मौके पर दुर्गाधार चोपता पुलिस चौकी प्रभारी योगेश कुमार, हेड कांस्टेबल सुधीर नेगी, पंकज राणा, विनोद कुमोला, सूरज कुमार, अनूप कुमार, शैम्पी सजवाण, मानेंद्र कुमार, समाज सेविका दुर्गा करासी, रश्मी देवी, प्रियंका करासी, गीता देवी, माया देवी, मीना देवी आदि मौजूद थे।