राहुल के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया सत्याग्रह
अगस्त्यमुनि में कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने जताया विरोध
अगस्त्यमुनि। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को गुजरात की एक अदालत ने मानहानि के एक पुराने मामले में दोषी करार करते हुए दो वर्ष की सजा सुनाने तथा इसके बाद लोकसभा सचिवालय की ओर से उनकी लोकसभा सदस्यता को रद्द करने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रकट करते हुए एक दिवसीय सत्याग्रह किया।
अगस्त्यमुनि स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष कुंवर सजवाण के नेतृत्व में एकत्रित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में राहुल गांधी के समर्थन में सत्याग्रह में भाग लिया। कांग्रेस के बड़े नेता तथा 2019 में गढ़वाल संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़े मनीष खण्डूड़ी भी इस अवसर पर सत्याग्रह में मौजूद रहे। उनके साथ चमोली के पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष वीरेन्द्र रावत भी ने भी इस सत्याग्रह में भाग लिया। मनीष खण्ड़ूड़ी ने कहा कि राहुल गांधी की देश भर में की गई 3500 किमी की पदयात्रा से भाजपा सहम गई। वहीं संसद में राहुल गांधी द्वारा उठाये गये प्रश्नों का प्रधानमंत्री कोई जबाब नहीं दे पाये। इससे भाजपा अपने को असहज महसूस करने लगी तथा राहुल गांधी को संसद से बाहर करने का बहाना खोजने लगी। इसीलिए आनन फानन में आदालत द्वारा फैसला सुना दिया जाता है और तत्काल ही उनकी सदस्यता भी रद्द कर दी जाती है।
कांग्रेस इसे किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगी। आज पूरे देश में इसके विरोध में एक दिवसीय सत्याग्रह किया जा रहा है और आगे कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक इसका विरोध जारी रखेगी। सत्याग्रह में प्रदेश प्रवक्ता सूरज नेगी, प्रमुख जखोली प्रदीप थपलियाल, वरिष्ट कांग्रेस कार्यकर्ता बीरेन्द्र बुटोला, जिपंस कूलदीप कण्डारी, नरेन्द्र बिष्ट, विनोद राणा, गणेश तिवारी, पूर्व सैनिक राय सिंह बिष्ट, दीपक भण्डारी, विजयपाल जगवाण, शान्ति भट्ट, दीपा देवी, लक्ष्मण रावत, ब्लॉक अध्यक्ष हरीश गुसाईं, महावीर चौधरी, कुंवर लाल, किशोरी लाल, अभिषेक बुटोला, रूपेश आर्य, विपिन, सुमित सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।