रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा 2026 के दौरान यात्रा मार्गों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने और सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग रुद्रप्रयाग ने पहल शुरू की है। विभाग ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से वाहन चालकों को 150 से अधिक डस्टबिन वितरित किए।
परिवहन विभाग की ओर से मंदाकिनी टैक्सी यूनियन के चालकों सहित अन्य वाहन चालकों को डस्टबिन उपलब्ध कराए गए। वाहन चेकिंग के दौरान भी चालकों को डस्टबिन वितरित कर उन्हें यात्रा मार्गों पर कूड़ा न फैलाने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) रुद्रप्रयाग धर्मेंद्र एस. बिष्ट ने बताया कि चारधाम यात्रा शुरू होने से अब तक परिवहन विभाग की ओर से विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर 3,646 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। इन कार्रवाई के माध्यम से 47 लाख 90 हजार रुपये का प्रशमन शुल्क अर्जित किया गया है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को लेकर भी विभाग लगातार कार्य कर रहा है। वाहन चालकों को डस्टबिन वितरित करने का उद्देश्य यात्रा मार्गों पर कूड़ा फैलने से रोकना और सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंध के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
एआरटीओ ने वाहन चालकों से अपील की कि यात्रा के दौरान वाहन में डस्टबिन का उपयोग करें, कूड़े को निर्धारित स्थान पर ही डालें और सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करें। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने में वाहन चालकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

