रुद्रप्रयाग। एकल अभियान देश के लिए वरदान साबित हो रहा है। अभियान से जुड़ना प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव की बात है। स्वाभिमान पर्व में कार्यकर्ताओं की समर्पित भावना अनुकरणीय है। यह बात एकल अभियान गढ़वाल मंडल (भाग) के अध्यक्ष कालिका प्रसाद सेमवाल ने रुद्रप्रयाग स्थित भाग कार्यालय बीकेएस प्रथम में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता स्वाभिमान पर्व को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करे। सम्भाग और प्रभाग-5 से भाग, अंचल, संच एवं आचार्य स्तर पर मिलने वाले निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समितियों का गठन कर उनके माध्यम से स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में काम करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर गोपेश्वर अंचल की पालक एवं सम्भाग महिला समिति प्रमुख दया पाड्या ने अभियान से जुड़ी समस्याओं के समाधान और समितियों को मजबूत करने को लेकर सुझाव दिए। भाग उपाध्यक्ष शीला रावत और सचिव संतोष मेवाल ने आपसी सहयोग और समन्वय के साथ अभियान को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं, भाग गढ़वाल की महिला समिति प्रमुख सरला खंडूरी ने एकल अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने की आवश्यकता बताई।
बैठक में विभिन्न अंचलों से प्राप्त प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई और उन्हें स्वीकार किया गया। इनमें रिक्त अंचलों एवं संच के पदों को भरने से संबंधित प्रस्ताव प्रमुख रहे।
बैठक में सम्भाग गतिविधि प्रमुख भावना उपाध्याय, भाग प्रमुख प्रीति खन्ना, उमेश, मोहित, अखिलेश, किरण, राजेश, आरती, कोमल, आमीषा, सोनम सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

