govt-ads

त्रिदिवसीय मध्यमहेश्वर मेले की व्यवस्थाओं पर व्यापार मंडल ने जताई चिंता, जिलाधिकारी से तत्काल हस्तक्षेप की मांग,

Blog
 Image

यातायात जाम और पार्किंग की समस्या से श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय व्यापारियों को भी हो रही परेशानी, मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की उठाई मांग,

 

रुद्रप्रयाग। द्वितीय केदार भगवान मध्यमहेश्वर के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में 18 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले त्रिदिवसीय पारंपरिक मध्यमहेश्वर मेले की व्यवस्थाओं को लेकर नगर उद्योग व्यापार मंडल ऊखीमठ ने चिंता जताई है। व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को पत्र भेजकर मेले के दौरान यातायात, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने की मांग की है।

 

व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव भट्ट ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा कि मेले में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं आमजन पहुंचते हैं। इस दौरान यातायात और जाम की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। विशेषकर लोक निर्माण विभाग कार्यालय एवं अस्पताल क्षेत्र में जाम लगने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को मुख्य बाजार तक पहुंचने में परेशानी होती है। इसका सीधा असर स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर भी पड़ता है।

 

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि ओंकारेश्वर मंदिर के आसपास तथा भगवान मध्यमहेश्वर की उत्सव डोली के आगमन मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क काफी संकरी है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते इन संवेदनशील स्थानों पर अव्यवस्था की आशंका बनी रहती है। पूर्व में प्रशासन के साथ आयोजित बैठक में मेला समिति के साथ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर सहमति बनी थी, लेकिन अभी तक प्रशासन की ओर से स्थलीय निरीक्षण नहीं किया गया है।

 

व्यापार मंडल ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मेले के आयोजन में अब मात्र दो दिन शेष रहने के दृष्टिगत तत्काल प्रशासनिक टीम के साथ मेला क्षेत्र का निरीक्षण कराया जाए। साथ ही सुचारु यातायात व्यवस्था, पर्याप्त पार्किंग, पुलिस एवं यातायात पुलिस की तैनाती, आपदा प्रबंधन टीम, एंबुलेंस, साफ-सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं।

इसके अलावा ऊखीमठ मुख्य बाजार में स्थानीय व्यापारियों के कारोबार और आमजन के आवागमन को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ध्यान देने की मांग भी की गई है।

 

व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव भट्ट ने उम्मीद जताई कि श्रद्धालुओं की सुविधा और मेले की गरिमा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन समय रहते आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को भी किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।