पीएमजीएसवाई के तहत 2.85 किलोमीटर सड़क का 4.62 करोड़ रुपये से होगा डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, पोखरी मोटर मार्ग से जोड़ने के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत,
रुद्रप्रयाग। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम पंचायत सांदर में सड़क सुविधा को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। कैबिनेट मंत्री एवं ग्राम्य विकास तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण के अंतर्गत 2.85 किलोमीटर लंबी सड़क के डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस कार्य पर 4.62 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। वहीं, पोखरी मोटर मार्ग से सड़क को जोड़ने के लिए जिला योजना के तहत 15 लाख रुपये भी स्वीकृत किए गए हैं।
कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान मंत्री ने कहा कि सड़क का डामरीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य पूरा होने से सांदर गांव के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि पोखरी मोटर मार्ग से जुड़ने के बाद क्षेत्र की कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी। स्वीकृत धनराशि से संबंधित कार्य भी जल्द पूरा कराया जाएगा।
मंत्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार की प्राथमिकता गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने की है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के चौथे चरण के द्वितीय चरण में उत्तराखंड की 528 सड़कों को जल्द स्वीकृति मिलने की संभावना है। इनमें जनपद रुद्रप्रयाग की 50 से अधिक सड़कें प्रस्तावित हैं। इन सड़कों को मंजूरी मिलने से जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क बेहतर होगा तथा स्थानीय लोगों को आवागमन की सुविधा मिलने के साथ विकास की नई संभावनाएं भी खुलेंगी। इस अवसर पर ग्राम प्रधान विजयपाल जगवान ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सड़क डामरीकरण कार्य शुरू होने पर कैबिनेट मंत्री का आभार जताया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, जिला पंचायत सदस्य गंभीर बिष्ट, क्षेत्र पंचायत सदस्य मोहन सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र रावत, राहुल मेवाल, विकास डिमरी, भूपेंद्र जगवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

