राज्यपाल बनने के बाद पहली बार पहुंचे केदारनाथ धाम, देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम पहुंचकर बाबा केदार के दर्शन किए। राज्यपाल बनने के बाद यह उनकी पहली केदारनाथ यात्रा रही। इस दौरान उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उनकी धर्मपत्नी भानुमति बिसेन भी इस दौरान मौजूद रहीं।
दर्शन के बाद राज्यपाल डॉ. बिसेन ने देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां की संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक सौंदर्य से है। इस विरासत को संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से प्रदेश को स्वच्छ एवं नशामुक्त बनाने में सहयोग देने की अपील की।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ और ‘नशामुक्त भारत’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता देना आवश्यक है। उन्होंने देवभूमि की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए जनसहभागिता पर बल दिया।
राज्यपाल ने बाबा केदार के दर्शन को अपने लिए सौभाग्य का अवसर बताया। उनके केदारनाथ धाम पहुंचने के दौरान जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

