विधायक आशा नौटियाल ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, तीनों विकासखंडों और केदारनाथ धाम में भी ली गई राष्ट्रीय एकता की शपथ
रुद्रप्रयाग।लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को जनपद रुद्रप्रयाग में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अगस्त्यमुनि स्पोर्ट्स स्टेडियम से ‘रन फॉर यूनिटी’ रैली निकाली गई। केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। करीब तीन किलोमीटर लंबी इस दौड़ में खिलाड़ियों, युवाओं, छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
रैली स्पोर्ट्स स्टेडियम अगस्त्यमुनि से शुरू होकर विजयनगर पहुंची और वहां से वापस स्टेडियम में संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। विधायक आशा नौटियाल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें राष्ट्र की एकजुटता और सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान की याद दिलाता है।
कार्यक्रम के समापन पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष ऋतु नेगी ने भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान विधायक आशा नौटियाल ने उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने के साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर जनपद के तीनों विकासखंडों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। आंगनबाड़ी केंद्रों, ब्लॉक मुख्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। वहीं केदारनाथ धाम में पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ के जवानों और सफाई कर्मियों ने भी एकजुट होकर राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
जिला सूचना कार्यालय में जिला सूचना अधिकारी कृपाल लाल टम्टा ने कार्मिकों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि यह दिवस सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए अतुलनीय योगदान और उनके एकजुटता के संदेश को स्मरण करने का अवसर है।
जनपदभर में आयोजित कार्यक्रमों के जरिए लोगों को सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने और एक सशक्त, एकजुट एवं अखंड भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

