govt-ads

कुंभ 2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार! मुख्य सचिव ने की बैठक! अधिकारियों को दिए निर्देश-तय समय में पूरा करें काम 

Blog
 Image

देहरादून। महाकुंभ 2027 की दिव्य और भव्य तैयारियों को लेकर शासन ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि मेले से जुड़ी तमाम निर्माण और विकास परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि समय की बचत और व्यवस्थाओं को गति देने के लिए एक साथ किए जा सकने वाले कार्यों को समानांतर रूप से पूरा किया जाए।

कुंभ मेला 2027 को लेकर उत्तराखंड सरकार ने तैयारियों को तेज करने की कवायद शुरू कर दी है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कुंभ की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों और श्रद्धालुओं के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कुंभ से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। जिन कार्यों को एक साथ किया जा सकता है, उन्हें समानांतर रूप से पूरा करने पर जोर दिया गया, ताकि समय का अधिकतम उपयोग हो सके। मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ मेले की तैयारियों के दौरान जनगणना और निर्वाचन से जुड़े कार्यों के कारण अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए अभी से मानव संसाधन की योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित विभागों से कुंभ के लिए आवश्यक अधिकारियों और कर्मचारियों का आकलन कर उनकी समय से तैनाती की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। कुंभ क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतर साइनेज व्यवस्था विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। मुख्य सचिव ने साइनेज पर क्यूआर कोड लगाने की संभावना पर जोर दिया, जिससे श्रद्धालुओं को संबंधित स्थान की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता के साथ-साथ अन्य जरूरी जानकारी आसानी से मिल सके। इसके अलावा कुंभ क्षेत्र की अलग-अलग लोकेशन और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने के लिए एक समर्पित मोबाइल ऐप तैयार करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में स्थायी निर्माण कार्यों के साथ उनके मेले के बाद संचालन और रखरखाव को लेकर भी योजना बनाने को कहा गया। मुख्य सचिव ने कहा कि कुंभ के लिए तैयार की जा रही व्यवस्थाओं का उपयोग मेला समाप्त होने के बाद भी प्रभावी ढंग से किया जा सके, इसके लिए रखरखाव की कार्ययोजना पहले से तैयार होनी चाहिए। मुख्य सचिव ने कुंभ क्षेत्र में बनाए जा रहे अस्थायी पुलों के निर्माण की लगातार निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने सभी अस्थायी पुलों का निर्माण नवंबर के अंत तक हर हाल में पूरा करने को कहा। इसके साथ ही कुंभ क्षेत्र में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था विकसित करने पर भी विशेष जोर दिया गया। सरकारी और सरकारी एजेंसियों की भूमि पर पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए गए। नहरबंदी के दौरान किए जाने वाले निर्माण कार्यों की भी पहले से तैयारी पूरी करने को कहा गया, ताकि इस अवधि का अधिकतम उपयोग किया जा सके। सिंचाई और पेयजल विभाग के निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए उन्हें कुंभ शुरू होने से पहले पूरा कराने पर मुख्य सचिव ने जोर दिया। कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को समय से तैयार करने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने मेलाधिकारी और संबंधित विभागाध्यक्षों को कुंभ से जुड़े कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने मेलाधिकारी को लगातार स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली समस्याओं की जानकारी तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने और विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में साफ किया गया कि कुंभ की तैयारियों में किसी भी स्तर पर देरी न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरे करें।