govt-ads

टीबी मुक्त भारत अभियान को गति, 42 अधिकारियों ने संभाली निक्षय मित्र की जिम्मेदारी

Blog
 Image

टीबी रोगी सहायता कोष में जमा हुए 1.94 लाख रुपये, 43 मरीजों को उपचार अवधि तक मिलेगी पोषण सहायता,

रुद्रप्रयाग। टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए रुद्रप्रयाग जिले में प्रशासन की ओर से जनसहभागिता को बढ़ावा दिया जा रहा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की पहल पर जनपद के 42 अधिकारियों ने आगे बढ़कर निक्षय मित्र की भूमिका निभाते हुए टीबी रोगियों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने के लिए योगदान दिया है।

इस पहल के तहत टीबी रोगी सहायता कोष में अब तक 1 लाख 94 हजार रुपये की धनराशि जमा की जा चुकी है। इस राशि से जिले के 43 टीबी रोगियों को छह माह अथवा उपचार पूर्ण होने तक पोषण सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य उपचाररत रोगियों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य में सुधार और उपचार के दौरान आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करना है।

इस अभियान में गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशीष रावत, जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा समेत जनपद के विभिन्न अधिकारियों ने निक्षय मित्र के रूप में योगदान दिया है।

जिलाधिकारी की इस पहल से टीबी रोगियों को उपचार के दौरान पोषण संबंधी सहायता मिलने के साथ ही समाज में टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को जनसहभागिता के लिए प्रेरित करने में मदद मिलेगी। टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रशासन की इस पहल को जनपद में सामूहिक जिम्मेदारी और सामाजिक सहभागिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।