सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोके गए श्रद्धालुओं को भेजा गया आगे, मौसम को लेकर सतर्कता की अपील
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम पैदल यात्रा मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप मलबा और पत्थर आने से बाधित हुई यात्रा को प्रशासन ने मार्ग साफ कर सुचारु कर दिया है। मार्ग खुलने के बाद सोनप्रयाग और गौरीकुंड में सुरक्षा के दृष्टिगत रोके गए श्रद्धालुओं को केदारनाथ धाम की ओर रवाना कर दिया गया।
गत रात्रि हुई बारिश के बाद चीरबासा हेलीपैड के समीप पहाड़ी से मलबा और पत्थर आने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवाजाही बाधित हो गई थी। मार्ग की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन सोनप्रयाग और गौरीकुंड में यात्रियों को रोक दिया था। इससे सोनप्रयाग में श्रद्धालुओं की भीड़ भी बढ़ गई थी।
मार्ग बाधित होने की सूचना मिलने के बाद जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) और आपदा प्रबंधन विभाग को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद संबंधित टीमों ने मौके पर पहुंचकर मलबा और पत्थर हटाने का कार्य किया। मार्ग साफ होने और आवाजाही के लिए सुरक्षित पाए जाने के बाद यात्रा दोबारा शुरू कर दी गई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि चीरबासा हेलीपैड के समीप मलबा और पत्थर आने से पैदल मार्ग कुछ समय के लिए बाधित हुआ था। प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर मलबा हटाकर मार्ग को सुचारु कर दिया है। सोनप्रयाग और गौरीकुंड में रोके गए श्रद्धालुओं को भी अब आगे भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मौसम को देखते हुए यात्रियों से सतर्कता बरतने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि बारिश के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें और मार्ग की स्थिति को लेकर किसी भी तरह की जानकारी के लिए प्रशासन द्वारा जारी अपडेट पर भरोसा करें।

