सुरक्षा के लिए प्रशासन ने की अलाव की व्यवस्था,
पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर की अपील—गर्म कपड़े और जरूरी दवाइयां साथ रखें, मौसम के प्रतिकूल होने पर न उठाएं जोखिम
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम में एक बार फिर बर्फबारी होने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। धाम की ऊंची पहाड़ियां बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं, जिससे हिमालयी क्षेत्र का नजारा बेहद आकर्षक हो गया है। बाबा केदार के दर्शन के लिए पहुंच रहे श्रद्धालु बर्फबारी और बर्फ से ढकी पहाड़ियों को देखकर उत्साहित नजर आ रहे हैं। हालांकि, तापमान में गिरावट के चलते यात्रियों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने धाम में अलाव की व्यवस्था की है। वहीं, पुलिस और प्रशासनिक टीमें यात्रियों की सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
गुरुवार सुबह से ही रुद्रप्रयाग जनपद में मौसम ने करवट बदली। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश हुई, जबकि श्री केदारनाथ धाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई। इससे क्षेत्र में ठंड और बढ़ गई है। कुछ दिन पहले भी धाम में बर्फबारी हुई थी। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के बीच केदारनाथ पहुंच रहे श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
धाम में बर्फबारी और गिरते तापमान को देखते हुए जनपद पुलिस एवं प्रशासन की टीमें श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने में जुटी हैं। यात्रियों को ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने तथा मौसम के अनुरूप अपनी तैयारियां रखने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन की ओर से अलाव की व्यवस्था भी की गई है, ताकि कड़ाके की ठंड के बीच श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए अपनी स्वास्थ्य सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। यात्रा पर आने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें और गर्म जैकेट, ऊनी कपड़े, टोपी, दस्ताने, गर्म मोजे तथा आवश्यक दवाइयां साथ रखें। उन्होंने यात्रियों को ठंड से बचाव के लिए समय-समय पर गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने और अत्यधिक ठंडे एवं खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से अधिक समय तक न रुकने की सलाह दी है।
उन्होंने कहा कि ठंड के कारण अत्यधिक कंपकंपी, सांस लेने में परेशानी या अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कत महसूस होने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लें। बच्चों, बुजुर्गों और पहले से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान रखा जाए। मौसम प्रतिकूल होने पर अनावश्यक जोखिम उठाने से बचें तथा जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान सतर्कता बरतें और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर मौके पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों से सहायता लें। आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे में यात्रियों को बाबा केदार के दर्शन के साथ अपनी सेहत और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखना चाहिए, ताकि मौसम में बदलाव के बीच यात्रा सुरक्षित एवं सुगम बनी रहे।

