केदारघाटी में अवैध शराब की ब्रिकी पर रोक लगाने और यात्रा मार्गों पर खुली दुकानों को बंद करने की मांग,
रुद्रप्रयाग। केदारघाटी में अवैध शराब की बिक्री और यात्रा मार्गों पर अंग्रेजी शराब की दुकानों को बंद कराने की मांग को लेकर महिलाओं का आक्रोश अब उबाल पर है। सोमवार को केदारनाथ यात्रा के प्रमुख पड़ाव गुप्तकाशी में महिला जनप्रतिनिधियों और महिला मंगल दलों ने जोरदार रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अवैध शराब पर रोक नहीं लगी, तो वे राजमार्ग पर चक्काजाम करने को मजबूर होंगी।
गुप्तकाशी स्थित लोनिवि गेस्ट हाउस में एकत्रित होकर महिलाओं ने आक्रोश रैली निकाली। रैली मुख्य बाजार, रायवाला मार्ग से होते हुए वापस बाजार पहुंची, जहां जोरदार नारेबाजी के साथ प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए। महिलाओं ने आरोप लगाया कि यात्रा मार्गों पर खुली शराब की दुकानों से केदारघाटी में बड़े पैमाने पर अवैध सप्लाई हो रही है। स्थानीय शराब माफिया सक्रिय हैं और पुलिस प्रशासन निष्क्रिय बना हुआ है। उनका कहना है कि गांवों में बढ़ती शराबखोरी से सामाजिक वातावरण बिगड़ रहा है और युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है। महिलाओं ने गांवों में शादी और अन्य आयोजनों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की। उनका कहना है कि सामाजिक बुराइयों को जड़ से खत्म करने के लिए यह जरूरी कदम है। इस दौरान ग्राम प्रधान गौरीकुंड कुसुम देवी, उपाध्यक्ष रामपुर बबीता देवी, साधना राणा, रीना देवी, रोशनी देवी, नीमा देवी, सामाजिक कार्यकर्ता अशोक सेमवाल, दीपक नौटियाल, अंकित सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
“यात्रा के दौरान बढ़ता है शराब का कारोबार”
रुद्रप्रयाग। महिला मंगल दल अध्यक्ष गौरीकुंड माहेश्वरी देवी ने कहा कि केदारनाथ यात्रा के दौरान बड़े पैमाने पर शराब की सप्लाई होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस बार भी अवैध कारोबार जारी रहा, तो महिलाएं उग्र आंदोलन करेंगी। महिलाओं ने आरोप लगाया कि यात्रा के दौरान शराब और मांस के खुले व्यापार से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचती है। ग्राम प्रधान रामपुर बबीता देवी ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक अवैध शराब पहुंचना बेहद चिंताजनक है और इससे पूरा क्षेत्र बर्बादी की ओर बढ़ रहा है।
“नशामुक्त केदारघाटी तक जारी रहेगा आंदोलन”
रुद्रप्रयाग। महिला मंगल दल अध्यक्ष शेरसी रजनी देवी ने कहा कि बढ़ती शराबखोरी से आने वाली पीढ़ी खतरे में है। वहीं प्रधान धानी राखी देवी ने सभी महिलाओं से अपने गांव से ही इस बुराई को खत्म करने का आह्वान किया। महिलाओं ने एक स्वर में संकल्प लिया कि जब तक अवैध शराब पर पूरी तरह लगाम नहीं लगती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। साफ संदेश दिया कि केदारघाटी अब नशामुक्ति की राह पर और महिलाएं इस लड़ाई में पीछे हटने को तैयार नहीं