रुद्रप्रयाग। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत संचालित प्रोजेक्ट स्नेह के तहत अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज पौंटी में बालक-बालिकाओं के लिए जागरूकता एवं सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कानून, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए विपरीत परिस्थितियों में अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर ने कहा कि बच्चों और बालिकाओं को उनके अधिकारों एवं कानूनों की जानकारी देना समय की आवश्यकता है। जागरूक बच्चे न केवल अपने अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक भी बन सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ अपने स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों के प्रति भी सजग रहने का आह्वान किया।
वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रंजना गैरोला भट्ट ने महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि समय रहते उचित सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से संकटग्रस्त महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं की जानकारी भी दी।
बाल कल्याण समिति की सदस्य गीता मलासी एवं ममता शैली ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों एवं बच्चों से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनों की जानकारी दी। उन्होंने कानूनी अधिकारों, संरक्षण तथा सुरक्षित वातावरण के महत्व को समझाते हुए किसी भी प्रकार की समस्या, शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में विश्वसनीय व्यक्ति और संबंधित विभाग से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधिका ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक बदलाव तथा आवश्यक टीकाकरण के संबंध में उपयोगी जानकारी दी। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने, पौष्टिक आहार लेने और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों को लेकर उत्साहपूर्वक सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का सरल एवं व्यवहारिक तरीके से समाधान किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में कानूनी जागरूकता, स्वास्थ्य चेतना, आत्मविश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत करने का प्रयास किया गया।
प्रोजेक्ट स्नेह के माध्यम से जनपद के विभिन्न विद्यालयों में बालक-बालिकाओं को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करने के लिए निरंतर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक रंजना गैरोला भट्ट, चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधिका, बाल कल्याण समिति की सदस्य गीता मलासी एवं ममता शैली सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षक मौजूद रहे।

