सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी, संगठन विस्तार और जनाधार मजबूत करने पर हुआ मंथन,
रूद्रप्रयाग। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की आहट के साथ उत्तराखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में उत्तराखण्ड क्रान्ति दल (यूकेडी) ने देहरादून में केंद्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर चुनावी रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर व्यापक मंथन किया। बैठक में 27 राजनीतिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
दल के केंद्रीय महामंत्री (मीडिया) देवेन्द्र चमोली ने बताया कि बंजारावाला स्थित एक बैंक्वेट हॉल देहरादून में केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रदेशभर से आए केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्यों और शीर्ष नेतृत्व ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक का मुख्य एजेंडा संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना तथा 2027 विधानसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करना रहा। इस दौरान संगठनात्मक विस्तार और जनसंपर्क अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष सुरेन्द्र कुकरेती ने कहा कि प्रदेश की जनता अब उत्तराखण्ड क्रान्ति दल को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में देख रही है। ऐसे में प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह जनभावनाओं का सम्मान करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाए। उन्होंने सोशल मीडिया पर दल की छवि धूमिल करने वालों को अनुशासन में रहने की कड़ी चेतावनी भी दी।
यूकेडी के वरिष्ठ नेता काशी सिंह ऐरी ने कहा कि पार्टी प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों पर चुनावी तैयारियों में जुटी है। उन्होंने जनता से "उत्तराखण्ड बचाओ" अभियान में यूकेडी का साथ देने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य के मूल मुद्दों को लेकर पार्टी लगातार संघर्ष कर रही है।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, डॉ. शक्ति शैल कप्रवाण, संसदीय बोर्ड अध्यक्ष चन्द्रशेखर कापड़ी, अनुशासन समिति अध्यक्ष राकेश सेमवाल, कार्यकारी अध्यक्ष जयप्रकाश उपाध्याय, पंकज ब्यास, केंद्रीय महामंत्री (मीडिया) देवेन्द्र चमोली सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष और प्रदेशभर से आए केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से यूकेडी ने स्पष्ट संकेत दिए कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय है और संगठन को मजबूत करते हुए प्रदेश की राजनीति में एक प्रभावी विकल्प के रूप में अपनी भूमिका स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है।