Aug 09, 2026

भारी बारिश में घायल मिले दो निराश्रित गौवंश, गौ रक्षा विभाग ने पहुंचाया गौशाला,, पशुपालन विभाग के सहयोग से किया रेस्क्यू, उपचार के साथ हो रही देखभाल,,

post-img

रुद्रप्रयाग। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रुद्रप्रयाग शहर में घायल अवस्था में सड़कों पर भटक रहे दो निराश्रित गौवंशों का गुरुवार देर रात को गौ रक्षा विभाग ने पशुपालन विभाग के सहयोग से रेस्क्यू कर गौशाला पहुंचाया। स्थानीय लोगों द्वारा गौवंश के घायल होने और बारिश में भीगते हुए सड़कों पर घूमने की सूचना दिए जाने के बाद गौ रक्षा विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।

 

रुद्रप्रयाग शहर के बेला खुरड क्षेत्र में 2 निराश्रित गौवंश घायल अवस्था में इधर-उधर भटक रहे थे। सूचना मिलते ही गौ रक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पशुपालन विभाग के सहयोग से दोनों गौवंशों को सुरक्षित रेस्क्यू कर गौशाला पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।

गौ रक्षा विभाग के अध्यक्ष रोहित डिमरी ने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों घायल गौवंशों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि गौशाला में पशु चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार किया जाएगा, ताकि वे जल्द स्वस्थ हो सकें।

रोहित डिमरी ने कहा कि जनपद में निराश्रित एवं घायल गौवंशों के समुचित उपचार के लिए एक ट्रॉमा सेंटर की आवश्यकता है। उनका कहना है कि ऐसा केंद्र स्थापित होने से दुर्घटनाग्रस्त और घायल गौवंशों का समय पर उपचार संभव होगा तथा उनकी बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सकेगी।

उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं कोई निराश्रित या घायल गौवंश दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित विभाग या गौ रक्षा विभाग को दें, ताकि समय रहते उसका रेस्क्यू कर उपचार की व्यवस्था की जा सके।