Aug 17, 2026

चंद्रकुंवर बर्त्वाल और अवतार सिंह राणा की स्मृतियों को नमन, 20 अगस्त को अगस्त्यमुनि में सजेगा साहित्य-संस्कृति का भव्य मंच,

post-img

अगस्त्यमुनि/रुद्रप्रयाग। हिंदी साहित्य के सशक्त हस्ताक्षर एवं उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध कवि चंद्रकुंवर बर्त्वाल तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलन के संघर्षशील आंदोलनकारी अवतार सिंह राणा की स्मृतियों को समर्पित साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजन 20 अगस्त को अगस्त्यमुनि में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर साहित्य प्रेमियों, संस्कृति कर्मियों और क्षेत्रवासियों में उत्साह है।

चंद्रकुंवर बर्त्वाल स्मृति साहित्यिक एवं सांस्कृतिक मेला एवं अवतार सिंह राणा स्मृति समारोह के माध्यम से साहित्य, लोकसंस्कृति, सामाजिक चेतना और उत्तराखंड के संघर्षपूर्ण इतिहास से नई पीढ़ी को परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। आयोजन में साहित्य और संस्कृति से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध विरासत को रेखांकित किया जाएगा।

समारोह के दौरान साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रोफेसर मृदुला जुगरान को हिमवंत साहित्य सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, उत्तराखंड की सामाजिक एवं राज्य आंदोलन की चेतना से जुड़े योगदान के लिए कल्याण सिंह पुंडीर को अवतार सिंह राणा स्मृति सम्मान प्रदान किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम महज दो महान व्यक्तित्वों की स्मृतियों को नमन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तराखंड की साहित्यिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत को संरक्षित करने तथा उसे भावी पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। चंद्रकुंवर बर्त्वाल की साहित्यिक चेतना और अवतार सिंह राणा के संघर्ष एवं समर्पण को स्मरण करते हुए आयोजन में उत्तराखंड की अस्मिता और सरोकारों पर भी चर्चा होगी।

समारोह का आयोजन अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, अगस्त्यमुनि में 20 अगस्त 2026 को प्रातः 10 बजे से किया जाएगा। आयोजकों ने साहित्य, संस्कृति और उत्तराखंड की विरासत में रुचि रखने वाले लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।