रुद्रप्रयाग। प्रान्तीय खण्ड लोक निर्माण विभाग रुद्रप्रयाग के समस्त मिनिस्ट्रीयल कार्मिक अपनी पारस्परिक स्थानांतरण की मांग को लेकर तीसरे दिन भी अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार पर डटे रहे। कार्य पूर्ण रूप से बाधित रहा, जिससे आम जनमानस एवं ठेकेदारों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
आंदोलन को ठेकेदारों का भी खुला समर्थन मिला। लोक निर्माण विभाग के जिलाध्यक्ष शिवलाल मिश्रा एवं महामंत्री महेन्द्र सिंह बजवाल सहित ठेकेदार दुर्गा सिंह रावत, श्रवण बुटोला, कीर्ति सिंह मिश्रवाण, विक्रम सिंह कंडारी ने कहा कि खण्डीय मिनिस्ट्रीयल संवर्ग के कर्मचारियों की मांगों को प्रमुख अभियंता द्वारा शीघ्र स्वीकार किया जाना चाहिए। मिनिस्ट्रीयल कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष शिवलाल मिश्रा ने सभा को संबोधित करते हुए चेतावनी दी कि यदि समय रहते कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों का समाधान नहीं किया गया तो कर्मचारी और उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
कार्य बहिष्कार में प्रांतीय खण्ड लोनिवि रुद्रप्रयाग के कर्मचारी उमेद सिंह सेनवाल, पारेश्वर नौटियाल, पंकज नेगी, ऊषा जोशी, रितिक गुसाईं, अभिषेक गैरोला, पुष्कर सिंह, रणजीत सिंह, सतीश भट्ट, संजय नेगी, आयुष नेगी, प्रवीन सिंह पंवार सहित अन्य कार्मिक शामिल रहे।