सरकार से सभी सवालों के स्पष्ट जवाब देने की मांग,
रुद्रप्रयाग। पहाड़ की बेटी अंकिता भंडारी की चतुर्थ पुण्यतिथि पर जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में हनुमान मंदिर के समीप श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यकर्ताओं ने अंकिता के चित्र के समक्ष मोमबत्तियां जलाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान अंकिता के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें न्याय दिलाने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड को चार वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन प्रकरण से जुड़े कई सवाल आज भी लोगों के मन में हैं। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ी है, लेकिन अंकिता के परिजनों और प्रदेश की जनता द्वारा उठाए जाते रहे सवालों का स्पष्ट उत्तर सामने आना जरूरी है।
कांग्रेस नेताओं ने विशेष रूप से कथित ‘वीवीआईपी’ के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि प्रकरण के दौरान जिस व्यक्ति को लेकर चर्चाएं सामने आई थीं, उसकी वास्तविकता आज भी लोगों के बीच सवाल बनी हुई है। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस मामले में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट की जाए और प्रकरण से जुड़े प्रत्येक पहलू की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि अंकिता केवल अपने परिवार की बेटी नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड की बेटी थी। उसके साथ हुई घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। ऐसे में उसके परिवार को न्याय मिलना प्रदेश की जनता की भी अपेक्षा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता के परिजनों और जनता की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मामले से जुड़े सभी अनुत्तरित प्रश्नों का समाधान किया जाना चाहिए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि अंकिता भंडारी की स्मृति को कभी भुलाया नहीं जा सकता। न्याय की मांग को लेकर संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और सरकार से अपेक्षा है कि मामले से जुड़े सभी प्रमुख सवालों का स्पष्ट एवं निष्पक्ष तरीके से समाधान कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पूर्व विधायक प्रत्याशी प्रदीप थपलियाल, पालिकाध्यक्ष संतोष रावत, नरेंद्र बिष्ट, लक्ष्मण रावत, पवन कुमार, राय सिंह बिष्ट, रोहित बर्त्वाल सहित कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

